अन्तर्राष्ट्रीयफीचर्ड

मोदी ने जापान यात्रा को बहुत सफल बताया

modi with japan PMतोक्यो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी जापान यात्रा को बहुत सफल बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि जापान ने पांच साल में 35 अरब डालर की अब तक की सबसे बड़ी राशि की मदद देने का जो वादा किया है उससे भारत में बुनियादी ढांचे में सुधार आयेगा और साफ-सफाई बढ़ेगी। अपनी पांच दिन की यात्रा संपन्न होने से एक दिन पहले आधिकारिक कार्यक्रम को समाप्त करते हुए प्रधानमंत्री ने भारत के प्रति भरोसा दिखाने के लिए जापान का आभार जताया और यह कहकर जापान के साथ मजबूत दोस्ती का इजहार किया, ये फेविकोल से भी ज्यादा मजबूत जोड़ है। भारतीय समुदाय द्वारा उनके सम्मान में दिए गए भोज में मोदी ने कहा, यह यात्रा काफी सफल रही। उन्होंने कहा कि अब तक लाखों-करोड़ों या अरबों की बात होती थी। लेकिन कभी भी खरबों की बात नहीं हुई। यहां उनका संकेत जापान द्वारा अगले पांच साल में भारत को सार्वजनिक व निजी वित्तपोषण के जरिये 3,500 अरब येन (35 अरब डालर या 2,10,000 करोड़ रुपये) उपलब्ध कराने के वादे की ओर था। यह राशि जापान कई कार्यों मसलन स्मार्ट सिटी परियोजनाओं और गंगा नदी की सफाई के लिए उपलब्ध कराएगा। मोदी ने कहा कि यह एक बड़ी उपलब्धि है। मुझे सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि जापान ने हम पर भरोसा दिखाया है। प्रधानमंत्री मोदी ने भरोसे या विश्वास का उल्लेख करते हुए कहा कि जापान ने कल हिंदुस्तान एयरोनाटिक्स लि (एचएएल) सहित छह भारतीय कंपनियों से प्रतिबंध हटाने का फैसला किया है। 1998 के परमाणु परीक्षणों के बाद जापान ने इन पर प्रतिबंध लगाया था। वाराणसी को साफ सुथरा और विकसित शहर बनाने के लिए सहमति ज्ञापन (एमओयू) पर दस्तखत व जापान के स्मार्ट शहर क्योतो के अनुभव से सीखने के संदर्भ में मोदी ने कहा कि हम एक दूसरे के अनुभव से सीख सकते हैं। एजेंसी

Related Articles

Back to top button