फीचर्डराज्यराष्ट्रीय

मोदी हमारे नायक, रांची को स्मार्ट सिटी बनाएंगे: दास

Raghuvar-Dasरांची। झारखंड के दसवें मुख्यमंत्री के तौर पर रविवार को शपथ लेने के तुरंत बाद रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनके नायक हैं और वह उनके कहे के अनुसार तेजी से झारखंड को विकास के रास्ते पर आगे ले जायेंगे। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार से बात कर राजधानी रांची को स्मार्ट सिटी का दर्जा दिलायेंगे। राज्यपाल डा सैयद अहमद ने आज यहां बिरसा मुंडा फुटबाल स्टेडियम में दास को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जिसके तत्काल बाद करमटोली सफाई अभियान प्रारंभ करने पहुंचे मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हमारे नायक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं और उनके निर्धारित एजेंडे के अनुसार ही मैं यहां सरकार चलाऊंगा। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता ने भाजपा को राज्य के विकास के लिए जनादेश दिया है और इसका पूरा सम्मान किया जायेगा। प्रधानमंत्री मोदी के नेतत्व में वह राज्य को भी विकास के रास्ते पर आगे ले जायेंगे।
दास ने कहा कि केन्द्र सरकार से बात करके वह राजधानी रांची को स्मार्ट सिटी का दर्जा दिलायेंगे और केन्द्र की इस योजना का पूरा लाभ लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के एजेंडे के अनुसार आज मैंने यहां स्वच्छ झारखंड अभियान का प्रारंभ किया है और पूरे राज्य में इसके लिए मुहिम चलायी जायेगी। इससे पूर्व दास एवं उनके मंत्रिमंडल के चार सहयोगियों सीपी सिंह, नीलकंठ सिंह मुंडा, डॉ लुईस मरांडी और आजसू के चंद्रप्रकाश चौधरी ने आज यहां शपथ ली। हालांकि खराब मौसम के चलते प्रधानमंत्री और अनेक अन्य शीर्ष नेता कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके। एजेंसी

Related Articles

Back to top button