![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2016/05/priyanka_1435723071.jpg)
यूपी में प्रियंका ही होंगी कांग्रेस का चेहरा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले साल 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के रणनीतिकार प्रशान्त किशोर की निगाहें प्रियंका गांधी पर टिकी हुईं हैं। प्रशान्त उत्तर प्रदेश में पार्टी का मुख्य चेहरा प्रियंका गांधी वाड्रा को बनाना चाहते हैं।
यह बात अलग है कि प्रियंका को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने के प्रशांत किशोर के प्रस्ताव को कांग्रेस ने भले ही खारिज दिया है, लेकिन प्रशांत इससे डिगे नहीं हैं। प्रशांत चाहते हैं कि प्रियंका को उत्तर प्रदेश चुनाव का प्रभारी बनाया जाए।
सूत्रों के अनुसार प्रशान्त ने अपना पूरा ध्यान पूर्वी उत्तर प्रदेश पर केन्द्रित किया हुआ है। उन्होंने सात अलग-अलग टीमें भी बनाई हैं। इन टीमों ने 14 डिवीजनों वाराणसी, गोरखपुर और इलाहाबाद में काम भी शुरू कर दिया है। प्रशान्त चाहते हैं कि इन क्षेत्रों का चुनावी गणित भी समझ लिया जाए।
सूत्रों की मानें तो कांग्रेसी भी प्रशांत के सुझाव का बड़ी तादाद में समर्थन कर रहे हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि प्रियंका ही ऐसा चेहरा हैं जो प्रदेश में कांग्रेस की किस्मत बदल सकती हैं। प्रशान्त का मानना है कि तमाम कांग्रेसी प्रियंका में उनकी दादी इंदिरा गांधी का अक्स देखते हैं।
प्रदेश में तमाम ऐसी होर्डिंग्स लग रहे हैं जिनमें प्रियंका को राजनीति में आने का आमंत्रण दिया जा रहा है। अभी मार्च में सोनिया गांधी जब इलाहाबाद गईं थीं तो कांग्रेस के लोगों ने सोनिया गांधी से प्रियंका को इलाहाबाद से चुनाव लड़ाने की मांग भी की थी।
इलाहाबाद कांग्रेस के पदाधिकारी बताते हैं कि वे लोग प्रियंका के लिए अब तक 400 होर्डिंग्स बनवा चुके हैं। वे लोग पिछले चार साल से प्रियंका को राजनीति में लाने के लिए मुहिम भी चला रहे हैं।