फीचर्डराज्यराष्ट्रीय

राजस्थान, महाराष्ट्र, कर्नाटक, गोवा में नए राज्यपाल

kalyan singh_governerनई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को आज राजस्थान का राज्यपाल नियुक्त किया गया। केन्द्र सरकार ने महाराष्ट्र, कर्नाटक और गोवा के राजभवनों के लिए भी तीन और भाजपा नेताओं के नाम तय किये। गुजरात विधानसभा अध्यक्ष वजुभाई वाला को कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त किया गया है, जहां हंसराज भारद्वाज ने हाल में अपना कार्यकाल पूरा किया है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री सी. विद्यासागर राव के. शंकरनारायणन का स्थान लेंगे जिन्होंने रविवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल के पद से इस्तीफा दिया था। महाराष्ट्र से मिजोरम स्थानांतरित किये जाने के बाद शंकरनारायणन ने इस्तीफा दे दिया था। भाजपा की महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष 71 वर्षीय मृदुला सिन्हा को बीवी वांचू के स्थान पर गोवा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति भवन की एक विज्ञप्ति के मुताबिक 82 वर्षीय कल्याण सिंह राजस्थान के राज्यपाल का पद संभालेंगे जो मार्गरेट आल्वा के इस महीने रिटायर होने के बाद रिक्त हुआ है। 76 वर्षीय वजुभाई वाला कर्नाटक के राज्यपाल का पद संभालेंगे। वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पुराने विश्वस्त सहयोगी रहे हैं। पिछले साल जनवरी में गुजरात विधानसभा का अध्यक्ष चुने जाने से पहले उन्होंने मोदी सरकार में वित्त मंत्री के रूप में काम किया था। 69 वर्षीय सी विद्यासागर राव नव गठित राज्य तेलंगाना के रहने वाले हैं और वह वाजपेयी सरकार में गृह राज्य मंत्री थे। पेशे से वकील राव आंध्र प्रदेश विधान सभा के लिए तीन बार चुने गये थे और वह विधान सभा में भाजपा के नेता रहे थे। राष्ट्रपति भवन की विज्ञप्ति के मुताबिक ये नियुक्तियां पदभार ग्रहण करने के दिन से प्रभावी होंगी।

Related Articles

Back to top button