ज्ञान भंडार

रेस्टारेंट की छत पर युवती जली, परिचितों द्वारा जलाने की चर्चा

72_1443923157नागपुर. फुटाला तालाब परिसर में रेस्टारेंट की छत पर युवती संदिग्ध स्थिति में जल गई। शनिवार की रात करीब 9 बजे यह घटना हुई। युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। यह भी चर्चा है कि युवती को उसी के परिचितों ने जला दिया।
22 वर्षीय युवती सीताबर्डी क्षेत्र की निवासी है। शहर के नामी महाविद्यालय में वह टेक्सटाइल्स इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही है।
 
बताया जा रहा है कि युवती घर में रंगरोगन के लिए पेंट खरीदने के लिए निकली थी। फुटाला तालाब परिसर में फर्स्ट लव रेस्टारेंट की छत पर जाते हुए उसे कुछ लोगों ने देखा था। उसके साथ कुछ युवक भी थे। कुछ देर बाद उसके चीखने की आवाज से परिसर में खलबली मच गई। रेस्टारेंट के पास ही फुटपाथ किनारे बने बेंच पर एक युगल ने इस मामले की जानकारी कुछ लोगों को दी। लोगों ने पुलिस को सूचित किया। अग्निशमन दल भी पहुंचा। आपात स्थिति युवती को मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से तत्काल आरेंज सिटी अस्पताल खामला चौक के लिए ले जाया गया। वहां उसका उपचार जारी है।
 
युवती के रिश्तेदारों ने मामले को लिए कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। मेडिकल अस्पताल में एक रिश्तेदार ने कहा कि पारिवारिक कारणों से यह घटना हुई है। उधर घटना को लेकर फुटाला तालाब परिसर में देर रात तक हड़कंप रहा।
मुंह में कपड़ा ठूंसा
कुछ लोगों का कहना है कि युवती को मुंह में कपड़ा ठूंसकर जलाया गया। जिस रेस्टारेंट पर घटना हुई वह एक राजनीतिक कार्यकर्ता का है। कई दिनों से बंद है। रेस्टारेंट की छत पर सामने की ओर बड़ा बोर्ड लगा है। उसकी आड़ में बैठकर युवजन सिगरेट, बीयर आदि का आनंद लेते रहते हैं। चर्चा है कि युवती जब रेस्टारेंट की छत पर पहुंची तब 3 से अधिक युवा भी छत पर पहुंचे। वे युवती के शायद परिचित थे। कुछ देर बाद एक युवक नीचे उतरा। बोतल लेकर वापस रेस्टारेंट की छत पर चढ़ा। करीब 20 मिनट बाद सभी युवा वहां से नदारद हो गए। युवती की आवाज सुन परिसर के लोग जमा हुए। जलाए जाने की आशंका के चलते कोई भी सहायता के लिए सामने नहीं आ रहा था। उत्तर नागपुर के एक व्यक्ति ने अपने सहयाेगियों के साथ युवती को अस्पताल ले जाने की पहल की। उसके बाद पुलिस भी वहां पहुंच गई।
 
काफी भीड़ जमा हो गई थी। मामले को लेकर चर्चाओं का दौर चलता रहा। फिलहाल स्थिति साफ नहीं हो पायी है। फुटाला तालाब परिसर शहर की चौपाटी के नाम से जाना जाता है। लव स्पाट भी कहा जाता है। रेस्टारेंट परिसर में शाम के समय युगलों चहलकदमी अधिक रहती है। कई बाद खतरा बढ़ने व सामाजिक माहौल प्रभावित होने की शिकायत मिलते रहती है। परिसर में असामाजिक तत्वों व प्रेम दीवानों की अवांछित हरकतें देखी जाती रही है। इस मामले ने कई सवाल खडे़ किये हैं।

 

Related Articles

Back to top button