![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2016/02/625-turtle_625x350_41454410860-300x168.jpg)
लखनऊ के एक मकान पर छापा, पुलिस ने बरामद किए 605 कछुए
दस्तक टाइम्स एजेंसी/ लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में वन विभाग तथा पुलिस के संयुक्त दल ने एक मकान पर छापा मारकर वहां तस्करी के लिए रखे 605 दुर्लभ कछुए बरामद किए।
प्रभागीय वन अधिकारी मनीष सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारियों तथा पुलिस की एक संयुक्त टीम ने मैनपुरी के करहल स्थित एक कंजड़ बस्ती में राजवीर नामक व्यक्ति के घर पर शनिवार की रात छापा मारा और वहां बोरे में रखे 605 दुर्लभ कछुए बरामद किए।
उन्होंने बताया कि छापे के दौरान घर में मौजूद लोग भाग गए। इस मामले में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सिंह ने बताया कि बरामद कछुओं को जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि मैनपुरी से कछुओं की तस्करी की कई शिकायतें आई थीं। इस पर काम करते हुए पिछले चार माह के दौरान जिले के विभिन्न स्थानों पर छापे मारकर बड़ी संख्या में कछुए बरामद किए गए थे। गत तीन फरवरी को झारखंड के दुमका क्षेत्र में एक ट्रक पर लदे तीन हजार से ज्यादा कछुए बरामद किए गए थे। ये जीव भी मैनपुरी से ही लाए गए थे।