
अक्सर सेलिब्रिटीज के साथ कुछ ऐसा हो जाता है कि उन्हें जिंदगी भर वह घटना याद रहती है। ऐसा ही कुछ वरुण धवन (Varun Dhawan) के साथ भी हुआ। वरुण बॉलीवुड में फ्रेंडली स्वभाव के लिए जाने जाते हैं लेकिन उनका यही स्वभाव उन्हें भारी पड़ गया। मुंबई के जुहू में रहने वाले वरुण धवन को उनके घर के बाहर एक फैन ने धमकी दी कि वह उनकी गर्लफ्रेंड नताशा (Natasha Dalal) को जान से मार देगी।

खबरों के मुताबिक यह पूरा मामला शुक्रवार शाम का है। हमेशा की तरह वरुण धवन के घर के बाहर सेल्फी खिंचवाने वालों की भीड़ लगी थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वरुण धवन की सिक्योरिटी टीम ने कहा- ‘वरुण धवन की एक फीमेल फैन पिछले कुछ दिनों से घर के आसपास चक्कर लगा रही थी। वरुण सर अक्सर लोगों की सेल्फी खींचने की मुराद को पूरा कर देते हैं, अगर वह मौजूद होते हैं।’
सिक्योरिटी टीम के मुताबिक फैन कुछ घंटों से वरुण का इंतजार कर रही थी। सर देर से आए। लड़की उनसे मिलने की जिद करने लगी। सर उस दिन काफी थके हुए थे इसलिए आराम करना चाहते थे। फैन ने वहां से जाने से मना कर दिया था। उसने कहा कि वह अपने आप को नुकसान पहुंचाएगी। इसके बावजूद जब उसे लगा कि वह वरुण धवन से नहीं मिल पाएगी तो उसने धमकी दी। फैन ने कहा कि वह नताशा मैम को नुकसान पहुंचाएगी।
सिक्योरिटी टीम ने आगे कहा- ‘यह हम लोगों के लिए हैरान करने वाली बात थी। कभी भी फैन इस तरह से आक्रामक बर्ताव नहीं करते। हमनें वरुण सर को तुरंत बताया। वह परेशान हो गए। फैन लगातार इस बात को दोहरा रही थी कि वह नताशा को मार देगी। 45 मिनट बाद भी जब फैन वहां से नहीं गई तो हमनें लोकल पुलिस स्टेशन में फोन किया।’
मुंबई के सांताक्रूज पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस पूरे मामले में अभी तक वरुण धवन का बयान दर्ज नहीं हुआ है। इसके बाद ही एफआईआर दर्ज की जाएगी। आपको बता दें, वरुण धवन नताशा दलाल को डेट कर रहे हैं। यह दोनों जल्द ही शादी कर सकते हैं। वरुण धवन की फिल्म ‘कलंक’ 17 अप्रैल को रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में वरुण के अलावा आलिया भट्ट, माधुरी दीक्षित, सोनाक्षी सिन्हा, आदित्य रॉय कपूर भी हैं।