उत्तराखंडराज्य

वाहन पलटने से हुआ हादसा, महिलाएं चीखती रही, तमाशा देखते रहे लोग

acr300-56d89008721a7accidentदस्तक टाइम्स एजेंसी/राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटद्वार-दुगड्डा के बीच लालपुल पर एक मालवाहक वाहन के पलटने से उसमें सवार दो महिलाओं की मौत हो गई और दस लोग घायल हो गए। इस हादसे ने मानवता को भी शर्मशार किया। वाहन से गिरी महिलाएं देर मदद के लिए देर तक चिल्लाती रही। आस पास भीड़ तो खूब जुटी लेकिन ‌कोई एक भी मदद को आगे नहीं आया। महिलाएं चीखती रही लेकिन लोग तमाशा देखते रहे।

घायलों को बाहर निकालने में मदद करने वाले युवक योगेश शर्मा ने बताया कि सवा दस बजे जैसे ही लालपुल पर वाहन पलटा, तो उसमें से छिटककर सभी महिलाएं नदी की ओर गिर गई। करीब 20 मिनट तक लोग पुल के दोनों ओर वाहन खड़ा कर तमाशा देखते रहे।

महिलाएं मदद को चीख चिल्ला रही थीं लेकिन किसी ने भी आगे बढ़कर घायलों को निकालने में मदद नहीं की। उनकी गाड़ी काफी पीछे लाइन में खड़ी थी। वह आगे आए तो देखा कई महिलाएं झाड़ियों में लटकी हुई चीख रही थीं, कोई नदी में कराह रही थी और लोग ऊपर से देख रहे थे। वे अपने साथियों के साथ नदी में उतरे और घायलों को उतारने का प्रयास किया, तब तक पुलिस भी पहुंच गई थी।

बृहस्पतिवार सुबह करीब दस बजे कोटद्वार से दुगड्डा जा रहे एक मालवाहक वाहन (डिलीवरी वैन) में आगे की सीट पर पहले से तीन लोग सवार थे। पीडब्लूडी कॉलोनी के पास चालक ने पीछे सामान रखने की जगह पर घास काटने के लिए जाती ग्रास्टनगंज की नौ महिलाओं को बैठा लिया। वहां से करीब दो किमी आगे कोटद्वार-दुगड्डा मार्ग पर लालपुल पर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

इससे पीछे बैठने वाली महिलाएं पुल से नीचे करीब पचास मीटर नीचे नदी में जा गिरीं। इसमें शहनाज (52) पत्नी आमिल अहमद और शब्बो बेगम (50) पत्नी बाबू खां की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और राहगीरों की मदद से घायलों को राजकीय संयुक्त चिकित्सालय भर्ती कराया गया।

इस बीच पुल पर वाहन पलटने से मार्ग पर करीब एक घंटा जाम लगा रहा। जीसीबी की मदद से वाहन को सीधा किया गया,� तब जाकर यातायात सुचारु हो पाया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है, वाहन चालक फरार बताया जा रहा है।

अस्पताल में मचा कोहराम, परिजनों का बुरा हाल
दुर्घटना की खबर मिलते ही लोग अस्पताल की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते अस्पताल में घायलों के परिजन और कोटद्वार के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। दुर्घटना में मृत दो महिलाओं के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, कई गंभीर घायलों के परिजन भी बिलखते रहे।

आपातकालीन कक्ष में भीड़ अधिक होने के कारण स्वास्थ्य कर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने किसी प्रकार लोगों को बाहर कर घायलों का इलाज किया।

घायलों की सूची
रुबीना बेगम (26) ग्रास्टनगंज, गुड्डी देवी (23) ग्रास्टनगंज, रामेश्वरी गुसाईं (45) ग्रास्टनगंज, हसीना बेगम (38) ग्रास्टनगंज, शशि देवी (40) ग्रास्टनगंज, आमना (35) ग्रास्टनगंज, सत्य प्रसाद (54) आमसौड़, वीर सिंह (60) रतनपुर बलभद्रपुर, आबिदा (22) ग्रास्टनगंज, और लक्ष्मी देवी (42) ग्रास्टनगंज।

बोलेरो खाई में गिरी, एक की मौत, तीन घायल
‌टिहरी जिले के घनसाली भिलंगना ब्लॉक के थाती-कठुड़ क्षेत्र में बूढ़ाकेदार-अयांरकाखाल मोटर मार्ग पर बोलेरो के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। बुधवार देर रात नौ बजे निवालगांव जा रही बोलेरो अनियंत्रित होकर सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे में वाहन में सवार बचन सिंह (35) पुत्र घनश्याम ग्राम निवालगांव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजेंद्र सिंह (32) पुत्र नागचंद, चतर सिंह (38) पुत्र दिलराम और भरत सिंह (26) पुत्र कुंवर सिंह सभी निवासी निवालगांव घायल हो गए।

घायलों में शामिल भरत सिंह को प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद से वाहन चालक सोहन सिंह पुत्र बिजेंद्र फरार बताया जा रहा है। पीएचसी पिलखी में भर्ती सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।

 
 
 

Related Articles

Back to top button