उत्तराखंड

विकास कार्यों का मूल्यांकन होगा : त्रिवेन्द्र सिह रावत

हल्द्वानी: कुमायूं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी महानगर के श्याम विहार में प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिह रावत ने जनता दरबार लगाकर सैकडों की तादाद में कुमायूं भर से पहुंचे फरियादियों की समस्यायें सुनी और उनसे दोतरफा संवाद स्थापित करते हुये अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया। लगभग तीन घन्टे चले जनता दरबार में 474 लोगों ने अपनी समस्यायें मुख्यमंत्री के सम्मुख प्रस्तुत की। अपने सम्बोधन मे मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा राजधानी में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित कर जन समस्याओं का निराकरण किया जाता था। सरकार ने अनुभव किया कि प्रदेश के दूरदराज से आने वाले लोगों का काफी समय व धन व्यय होता है। इस को ध्यान में रखते हुये उन्होने कुमायू के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में जनता मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया।

उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था केे तहत प्रतिदिन विधानसभा में रोज एक मंत्री मौजूद रहकर लोगों की समस्यायें सुनेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यो का क्षेत्र में मूल्यांकन किये जाने के लिए जिलाधिकारी से लेकर अन्य स्तर के अधिकारियों को भी निरीक्षण करने के लिए ग्रामीण व शहरीय इलाकों में भेजे जाने की कार्य योजना जल्द ही लागू की जा रही है। अपने सम्बोधन में प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि प्रदेश की सरकार जनता की सरकार है। संगठन के निवेदन पर मुख्यमंत्री ने स्वयं व प्रदेश के मंत्रियों के कार्यक्रम तय किये है। जनता दर्शन कार्यक्रम में बंशीधर भगत, दीवान सिंह बिष्ट, नवीन दुम्का, राजकुमार ठुकराल, संजीव आर्य, पुष्कर धामी, राम सिंह कैड़ा, डाॅ जोगेन्दर पाल सिंह रौतेला,बलराज पासी, प्रदीप बिष्ट, मनोज साह, बिन्देस गुप्ता आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button