दिल्लीफीचर्डराजनीतिराज्यराष्ट्रीय

विधानसभा चुनावों का सामना कर रहे राज्यों को और समय देंगे मोदी

saनयी दिल्ली (एजेंसी)। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी अपनी बढ़ती मांग को देखते हुए विधानसभा चुनावों का सामना करने जा रहे मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़,  राजस्थान और दिल्ली में पार्टी की चुनावी रैलियों के लिए कुछ और दिन देने को तैयार हो गए हैं। कहा जा रहा था कि दिल्ली के विधानसभा चुनावों से मोदी अपने को ज्यादा जोड़ने के इच्छुक नहीं हैं और इसलिए केवल एक दिन देने को तैयार हुए थे  लेकिन अब वह राष्ट्रीय राजधानी में दो और दिन चुनाव प्रचार करने को राजी हो गए हैं।  पार्टी के उपाध्यक्ष और केन्द्रीय चुनाव प्रबंधन एवं समन्वय समिति के प्रभारी मुख्तार अब्बास नकवी ने यहां बताया कि मोदी को 30 नवंबर को दिल्ली में दो से तीन रैलियां करनी थीं लेकिन अब वह एक दिसंबर को भी ऐसा करेंगे। उनके 23 नवंबर को भी दिल्ली में पार्टी के लिए प्रचार करने की संभावना है। मोदी दिल्ली के मुख्यमंत्री पद के लिए भाजपा के उम्मीदवार के रूप में हर्षवर्धन का चुनाव करने के लिए आयोजित भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में शामिल नहीं हुए थे। वह पार्टी की केन्द्रीय चुनाव समिति की उस बैठक में भी नहीं आए थे जिसमें दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के उम्मीदवारों के बारे में निर्णय किया गया। ऐसा कहा जा रहा है कि दिल्ली चुनाव में भाजपा की अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद नहीं होने के कारण वह उसके बारे में निर्णयों से दूर रहना चाहते थे। मोदी अब मध्यप्रदेश में भी 18  20  21  22 और 23 नवंबर को पांच दिन प्रचार करेंगे। कहा जा रहा था कि अल्पसंख्यक वोट गंवाने के डर से वहां के मुख्यमंत्री मोदी के राज्य में प्रचार करने के ज्यादा इच्छुक नहीं थे। छत्तीसगढ़ में मोदी 14 और 15 नवंबर को प्रचार के लिए जाएंगे। 7 नवंबर को वह वहां पहले ही रैली कर चुके हैं।  राजस्थान में वह 19  24  25 और 28 नवंबर को पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करने जाएंगे।

Related Articles

Back to top button