विराट कोहली बने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले आईपीएल खिलाड़ी…
![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2017/04/विराट-कोहली-बने-फेसबुक-और-इंस्टाग्राम.jpg)
भारतीय क्रिकेट कप्तान विराट कोहली ने यूं तो अभी आईपीएल 2017 में खेलना शुरू भी नहीं किया, लेकिन सोशल मीडिया पर उनकी प्रसिद्धी लगातार बढ़ती जा रही है। हाल ही में आई एक प्रेस रिलीज के मुताबिक, विराट कोहली आईपीएल के इस सीजन में खेल रहे सभी क्रिकेटरों में फेसबुक और इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले खिलाड़ी हैं। फेसबुक की टॉप 10 की सूची में विराट कोहली के बाद महेंद्र सिंह धोनी (पुणे), युवराज सिंह (हैदराबाद), रोहित शर्मा (मुंबई), शाकिब अल हसन (कोलकाता), क्रिस गेल (बेंगलुरु), शिखर धवन (हैदराबाद), गौतम गंभीर (कोलकाता), हरभजन सिंह (मुंबई) और ग्लेन मैक्सवेल (पंजाब) आते हैं।
वहीं बात करें इंस्टग्राम के टॉप 10 प्लेयर्स की तो विराट कोहली के बाद महेंद्र सिंह धोनी (पुणे), एबी डिवियर्स (बेंगलुरु), युवराज सिंह (हैदराबाद), रोहित शर्मा (मुंबई), सुरेश रैना (गुजरात), क्रिस गेल (बेंगलुरु), हरभजन सिंह (मुंबई), रविंद्र जडेजा (गुजरात) और अजिंक्या रहाणे (पुणे) का नंबर आता है। दरअसल रांची में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में विराट कोहली को कंधे में चोट आई थी, जिसकी वजह से वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के पहले तीन मैच नहीं खेल पाए हैं। हालांकि शुक्रवार को मुंबई के खिलाफ होने वाले आईपीएल मैच में कोहली भी खेलते नजर आएंगे।
मिला है पद्म श्री:
विराट कोहली को 30 मार्च को भारत के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म श्री से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति भवन में भारत के प्रसिडेंट प्रणब मुखर्जी ने विराट कोहली पद्म श्री सम्मान से नवाजा। 28 वर्षीय क्रिकेटर ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें भारत के राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी उनको पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित कर रहे हैं।
भारत के सबसे महंगे सेलेब्रिटी
विराट कोहली इस समय सफलता के शिखर पर हैं, उन्होंने अपनी फीस बढ़ा दी है।अभी कुछ दिनों पहले ही उन्होंने स्पोर्ट्स ऐसेसरीज बनाने वाली मशहूर वैश्विक ब्रैंड प्यूमा के साथ 100 करोड़ की डील साइन की थी, जिसके तहत उन्हें प्यूमा ने भारतीय मार्केट के लिए अपना ब्रैंड एम्बेसडर नियुक्त किया था। विराट कोहली इतनी बड़ी डील साइन करने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बन गए थे।