उत्तर प्रदेश

विवाहिता की गला कसकर हत्या, वारदात के बाद पति फरार

लखनऊ। आलमबाग क्षेत्र में विवाहिता की गला कसकर हत्या कर दी गई। विवाहिता का शव कमरे में पड़ा था, जिसके गले में दुपट्टा कसा हुआ था। हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को पीएम के लिए भेज दिया। मृतका के परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिरोजाबाद के नगवा, अजब पचखोरा निवासी कन्हैया यादव का विवाह दस माह पूर्व कविता यादव (22) के साथ हुआ था। कन्हैया पत्नी के साथ आलमबाग के लोको कालोनी निवासी साढू पकंज सिंह के घर रविवार को आया था। पकंज चारबाग रेलवे स्टेशन में हेल्पर के पद पर तैनात है। लिहाजा वह बुधवार सुबह छह बजे ड्यूटी पर चला गया था, जबकि कन्हैया पत्नी कविता के साथ घर में मौजूद था। पकंज ने बताया कि करीब 2ः30 बजे वह ड्यूटी से घर लौटा तो देखा कि घर का दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार अवाज लगाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। इस पर पकंज आस-पास के लोगों को बुलाकर दरवाजा खोला तो देखा कि कविता कमरे में मृत पड़ी हुई है। वहीं उसका गला दुपट्टा से कसा हुआ था, जबकि कविता का पति कन्हैया वहां से फरार था। यह देख उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मृतका के पति की तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद मृतका का पति फरार चल रहा है, जिसकी तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ, जिसके बाद पति ने उसकी गला कसकर हत्या कर दी। वहीं इस मामले में पुलिस ने पकंज से पूछताछ कर साक्ष्य जुटा रही है। ड्यूटी के बाद पकंज घर पहुंचा तो कविता को मृत देख कन्हैया से सम्पर्क करने की कोशिश की। इस पर उसका फोन बंद मिला। आशंका है कि वारदात के बाद कन्हैया वहां से टेªन के पकड़कर भाग निकला है। वहीं पुलिस ने कविता के परिजनों को पुलिस ने सूचना दे दी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आने के बाद मुकदमा दर्ज किया जायेगा। हालांकि शव को पुलिस ने पीएम के लिए भेज दिया है।

Related Articles

Back to top button