![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2019/02/shaheed.png)
शहीद जवान दीपक पाण्डेय का सिद्धनाथ घाट पर किया जाएगा अंतिम संस्कार
कानपुर : जम्मू-कश्मीर में बुधवार को कानपुर के रहने वाले वायु सेना के जवान दीपक पाण्डेय विमान दुर्घटना में शहीद हो गए। उनका पार्थिव शरीर गुरुवार को चकेरी एयरपोर्ट पर शाम चार बजे आने की संभावना है। इसके बाद सैनिक सम्मान के साथ करीब पांच बजे सिद्धनाथ घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। चकेरी थानाक्षेत्र के मंगला विहार निवासी राम प्रकाश पाण्डेय एक निजी सुरक्षा कंपनी में बतौर गार्ड की नौकरी करते थे। उनका इकलौता बेटा दीपक पाण्डेय (27) वायुसेना में कारपोरल पद पर तैनात था। बुधवार को कश्मीर के बडगाम में क्रैश हुए एमआई-17 में वह शहीद हो गया। वह शहीद होने से सात दिन पहले ही 23 दिन के अवकाश के बाद ड्यूटी पर गया था। परिवार में ताऊ शिवप्रकाश हैं जो सेना से सेवानिवृत्त हैं। ताऊ के भी लड़का नहीं है और छह बेटियां ही हैं। इसके चलते शहीद दीपक से ही पाण्डेय परिवार का वंश आगे बढ़ना था और उसकी शादी के लिए परिवार वाले लड़की देख रहे थे। अब दीपक के शहीद होने से पाण्डेय परिवार का चिराग बुझ गया।
पिता रामप्रकाश पाण्डेय ने बताया कि दीपक सितम्बर 2012 में वायु सेना में भर्ती हुआ था। इसके पहले उसने हरजेंदर नगर के सरस्वती विद्या मंदिर से इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। उन्होंने बताया कि हम लोग उसकी शादी करना चाहते थे लेकिन वह पहले घर बनवाना चाहता था। इसी के चलते दीपक 28 जनवरी को छुट्टी लेकर आया और इस दौरान घर बनवाने के बाद 20 फरवरी को जम्मू-कश्मीर ड्यूटी के लिए निकला था। अब बेटे की मौत होने से हमारी आगे की पीढ़ी खत्म हो गयी। पिता ने बताया कि मंगलवार को रात साढ़े आठ बजे उससे अंतिम बार बात हुई थी। मां रमा पाण्डेय ने बताया कि दीपक की जम्मू-कश्मीर में दूसरी पोस्टिंग थी। इसके पहले उसकी पहली पोस्टिंग गुजरात के जामनगर में हुई थी। उसके शहीद होने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और शहरवासी भी गमगीन हैं। बुधवार से लगातार उनके चाहने वाले व शहरवासी शहीद के परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए घर पहुंच रहे हैं। हर कोई व्यक्ति शहीद के अंतिम दर्शन करना चाहता है पर यह निश्चित नहीं हो पा रहा था कि शहीद का शव कब आएगा।
गुरुवार को एयरफोर्स के एक अधिकारी ने शहीद के घर पहुंचकर दीपक का शव विशेष विमान से दोपहर बाद चार बजे चकेरी एयरपोर्ट पर आने की जानकारी दी। इसके साथ ही एयरफोर्स के अधिकारियों ने जिला प्रशासन को भी अवगत कराया। इसके बाद जिला प्रशासन और परिजनों ने तय किया कि शहीद का अंतिम संस्कार जाजमऊ के सिद्धनाथ घाट पर किया जाये। जिलाधिकारी विजय विश्वास पंत ने बताया कि शहीद के अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं और शहीद के परिजनों का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। दीपक पाण्डेय की शहादत की खबर पर बुधवार को ही प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सतीश महाना पहुंचे थे। आज शहर के सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता डा. मुरली मनोहर जोशी भी शहीद के घर पहुंचे हैं। इस दौरान जिलाधिकारी विजय विश्वास पंत और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनंत देव आदि अधिकारी भी गमगीन परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।