उत्तर प्रदेशफीचर्ड

संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में सीएमएस छात्रों ने किया योग

लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल के 73-सदस्यीय छात्र दल ने आज अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर न्यूयार्क स्थित संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में आयोजित योग शिविर में योग प्रदर्शन कर सारे विश्व में देश का मान बढ़ाया, साथ ही देश की सांस्कृतिक विरासत को सारे विश्व में प्रचारित-प्रवाहित किया। योग प्रदर्शन के उपरान्त सीएमएस छात्र दल ने संयुक्त राष्ट्र संघ में भारत के स्थायी प्रतिनिधि एवं राजदूत महामहिम श्री सैयद् अकबरुद्दीन से मुलाकात की और संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में योग प्रदर्शन एवं अमेरिका यात्रा पर चर्चा की। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि इस मुलाकात में श्री सैयद् अकबरुद्दीन ने सी.एम.एस. छात्रों का खूब उत्साहवर्धन किया एवं देश की सांस्कृतिक विरासत को सारे विश्व में प्रचारित-प्रवाहित करने हेतु शुभकामनाएं दी। विदित हो कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त राष्ट्र संघ में योग प्रदर्शन हेतु अमेरिका रवाना होने वाले सी.एम.एस. छात्रों से भेंटकर अपना आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दी थी। सी.एम.एस. छात्र 24 जून को स्वदेश लौटेंगे।
शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में सी.एम.एस. छात्रों द्वारा योग प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति के आदर्श ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की परिकल्पना को साकार करने में योग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। डा. गाँधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से देश का जन-मानस योग के महत्व से लगातार परिचित हो रहा है और विगत कुछ वर्षों से काफी जागरूकता आई है। हमारा प्रयास है कि इस जागरूकता का विस्तार सारे विश्व में हो, ताकि समस्त विश्व समुदाय इससे लाभानिवत हो सके। शर्मा ने बताया कि यह सुखद संयोग है कि अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जहाँ एक ओर सी.एम.एस. के लगभग 5000 छात्रों ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के साथ योग किया तो वहीं दूसरी सी.एम.एस. छात्र दल ने न्यूयार्क स्थित संयुक्त राष्ट्र संघ में योग किया। श्री शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. छात्र सामाजिक जागरूकता अभियानों में सदैव ही अग्रणी रहे हैं और यही कारण है कि पढ़ाई में सर्वोच्च कीर्तिमान बनाने के साथ ही साथ विद्यालय के छात्रों ने सामाजिक जागरूकता की भी अनूठी मिसाल प्रस्तुत की है।

Related Articles

Back to top button