अजब-गजबलखनऊ

संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय जाने से पूर्व राज्यपाल से मिला छात्र दल


लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल के 64 सदस्यीय छात्र दल ने मंगलवार को विद्यालय के संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गांधी के नेतृत्व में राजभवन पहुँचकर महामहिम राज्यपाल रामनाईक से मुलाकात की और संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में योग प्रदर्शन के लिए रवाना होने से पूर्व उनका आशीर्वाद लिया। विदित हो कि सिटी मोन्टेसरी स्कूल का 64 सदस्यीय छात्र दल अमेरिका की शैक्षिक यात्रा पर रवाना हो रहा है जो आगामी 21 जून को चतुर्थ अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर न्यूयार्क स्थित संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में आयोजित योग शिविर में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा तथापि योग प्रदर्शन कर देश की सांस्कृतिक विरासत को सारे विश्व में प्रचारित-प्रवाहित करेगा।
सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. छात्रों को आशीर्वाद देते हुए महामहिम राज्यपाल ने कहा कि सी.एम.एस. छात्रों की यह यात्रा विश्ववासियों को योग के महत्व से तो अवगत करायेगी ही, साथ ही छात्रों के स्वयं के ज्ञानवर्धन में सहायक होगी। मैं न्यूयार्क जाने वाले सभी छात्रों व शिक्षकों को शुभकामनाएं देता हूँ। आप वहाँ पहुँचकर भारत की वसुधैव कुटुम्बकम की संस्कृति से अन्य लोगों को अवगत करायें और स्वयं भी वहाँ से अच्छी चीजे सीखकर वापस आयें। मैं विश्वास करता हूँ कि आप सभी छात्र वहां पर कुछ सीखने के वातावरण से अभिभूत होंगे। इससे पहले, सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने राज्यपाल महोदय को पुष्पगुच्छ भेंट किया एवं सी.एम.एस. छात्र दल को समय देने हेतु उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया।
सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में योग प्रदर्शन करने वाले सी.एम.एस. के 64 सदस्यीय छात्र दल में सी.एम.एस. गोमती नगर (प्रथम कैम्पस), सी.एम.एस. गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस), सी.एम.एस. अलीगंज (प्रथम कैम्पस), सी.एम.एस. स्टेशन रोड कैम्पस, सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस एवं सी.एम.एस. महानगर कैम्पस के छात्र-छात्राएं शामिल हैं। सी.एम.एस. छात्र 10 जून को अमेरिका के लिए रवाना होंगे। इस यात्रा के दौरान सी.एम.एस. छात्र अमेरिका के जॉन एफ केनेडी स्पेस सेन्टर समेत कई दर्शनीय स्थलों पर भी जायेंगे।

Related Articles

Back to top button