अन्तर्राष्ट्रीयब्रेकिंग

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत को बड़ी कामयाबी, पाकिस्तान सहित 55 देशों ने किया समर्थन

संयुक्त राष्ट्र : एशिया-प्रशांत समूह के सभी 55 देशों ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में दो साल के कार्यकाल के लिए भारत की गैर-स्थायी सीट की उम्मीवारी का समर्थन किया है। यह भारत की बड़ी कूटनीतिक जीत है। भारत की कूटनीतिक गोलबंदी ऐसी थी कि पाकिस्तान को भी भारत की सदस्यता का समर्थन करना पड़ा। पंद्रह सदस्यीय परिषद में 2021-2022 के कार्यकाल के लिए 5 अस्थायी सदस्यों का चुनाव जून 2020 के आस-पास में होना है। इन सदस्यों का कार्यकाल जनवरी 2021 से शुरू होगा। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन ने ट्वीट करके कहा कि एशिया-प्रशांत के सभी देशों ने वर्ष 2021-2022 के लिए सुरक्षा परिषद में भारत की गैर स्थायी सीट का सर्वसम्मति से समर्थन किया है। अकबरुद्दीन ने इसके लिए इन देशों के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया,“समर्थन में आगे आने के लिए सभी 55 देशों का बहुत-बहुत धन्यवाद। अकबरुद्दीन ने संदेश के साथ एक विडियो भी पोस्ट किया है। उसमें कहा गया है, ‘एशिया-प्रशांत समूह ने यूएनएससी में अस्थायी सदस्यता के लिए भारत की उम्मीदवारी का समर्थन किया। 55 देश, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में 2021-2022 के लिए अस्थायी सदस्य के लिए एक मनोनीत..भारत।’ इस विडियो संदेश में भारत की उम्मीदवारी पेश करने के लिए एशिया-प्रशांत समूह के सभी देशों को धन्यवाद भी दिया गया है। इससे पहले भारत 1950-51, 1967-68, 1972-73, 1977-78, 1984-85, 1991-92 और हाल ही में 2011-12 में यूएनएससी का अस्थायी सदस्य रह चुका है। भारत की उम्मीदवारी का समर्थन करने वाले 55 देशों में अफगानिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, चीन, इंडोनेशिया, ईरान, जापान, कुवैत, किर्गिजिस्तान, मलयेशिया, मालदीव, म्यांमार, नेपाल, पाकिस्तान, कतर, सऊदी अरब, श्रीलंका, तुर्की, संयुक्त अरब अमीरात, वियतनाम और सीरिया शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button