![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2013/11/soniya.jpg)
झाबुआ (एजेंसी)। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्य प्रदेश सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि सत्ता के लालची देश का क्या निर्माण करेंगे। मप्र में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का प्रचार करने झाबुआ के मेघनगर पहुंचीं सोनिया गांधी ने गुरुवार को कहा ‘‘देश का निर्माण वही लोग कर सकते हैं जिनका दिल साफ हो और जनता के लिए कुछ करने की इच्छा हो। सत्ता के लालची लोग देश का क्या निर्माण करेंगे।’’ सोनिया गांधी ने भाजपा नीत राज्य सरकार को आदिवासी व जन विरोधी करार दिया। उन्होंने अपने चुनावी भाषण में कहा ‘‘इस सरकार ने केंद्र सरकार द्वारा गांव में ही रोजगार मुहैया कराने के लिए शुरू की गई ‘महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना’ के तहत मजदूरों को काम नहींं दिया गया बल्कि फर्जी पर्चियां काटकर मशीनों से काम कराया गया।’’ सोनिया ने आरोप लगाया कि राज्य की भाजपा सरकार ने आदिवासियों के अधिकारों की इज्जत नहीं की उन्हें उनका हक नहीं दिलाया और जनता के मान-सम्मान का ख्याल नहीं रखा। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी हाथी के दांत जैसी है जो खाने के और व दिखाने के और होते हैं यही भाजपा की असलियत है। सोनिया ने आगे कहा कि केंद्र सरकार में जो भी मंत्री भ्रष्टाचार के मामलों में फंसे पाए गए उन्हें मंत्री पद से हटा दिया गया मगर मप्र के कई मंत्रियों पर लोकायुक्त में मामले दर्ज हैं कई अफसरों के यहां करोड़ों की संपत्ति मिली है मगर राज्य सरकार ने किसी पर कार्रवाई नहीं की। उन्होंने राज्य की सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत राज्य सरकार को राशि मंजूर की गई मगर उसका ठीक तरह से इस्तेमाल नहीं किया गया। सोनिया ने हालांकि स्वीकार किया कि केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को राशि देना उनका धर्म है मगर राज्य सरकार का भी यह दायित्व है कि वह राशि का ठीक तरह से जनता के हित में उपयोग करे। सोनिया ने कहा ‘‘यह धनराशि इसलिए नहीं भेजी जाती कि इसे लुटाया जाए और कुछ गिनती के लोगों की जेब में जाए।’’कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य सरकार द्वारा उपलब्धियों पर अपनी पीठ थपथपाए जाने पर सवाल उठाए और कहा कि अगर सब ठीक है तो यहां किसान आत्महत्या क्यों कर रहे हैं बच्चे कुपोषण का शिकार क्यों हैं और महिलाएं खुद को असुरक्षित क्यों महसूस करती हैं।