सपा सत्ता संग्रामः मुलायम-शिवपाल को एक और झटका, व्यापारी वर्ग ने भी छोड़ा साथ
![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2017/01/Akhilesh-Yadav-Mulayam-Singh-Yadav-Samajwadi-Party-New-House-navratri-Government-House-Uttar-Pradesh.jpg)
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को समाजवादी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की नोएडा इकाई और सपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। व्यापारी व युवाओं ने सेक्टर-40 में एक दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष नरेश कुच्छल ने कहा कि हम अखिलेश यादव के साथ हैं। उनकी सरकार में व्यापारियों का उत्थान हुआ है उत्पीड़न नहीं। प्रजापति महासभा के जिलाध्यक्ष अर्जुन प्रजापति ने कहा कि सपा सरकार हर वर्ग की हितैषी है।
पूर्व महानगर उपाध्यक्ष राजेश अवाना ने कहा कि इस फैसले से युवाओं में फिर से जोश भर दिया है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव युवाओं में लोकप्रिय व युवाओं के मार्गदर्शक हैं। मजदूर सभा के जिला उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश गौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए अखिलेश यादव ने प्रदेश को बुलंदियों पर पहुंचाया है। आशा करते हैं कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनकर वह प्रदेश को और बुलंदियों तक पहुंचाएंगे।