राज्य

सरिस्का में सभी बाघों का कराया डीएनए टेस्ट

देश में बाघों पर मंडरा रहे खतरे को देखते हुए सरिस्का अभ्यारण्य प्रशासन ने सभी बाघों का डीएनए टेस्ट कराया है। फिलहाल सरिस्का में 14 बाघ-बाघिन है।

04_01_2017-jaipur3

 देश में बाघों पर मंडरा रहे खतरे को देखते हुए सरिस्का अभ्यारण्य प्रशासन ने सभी बाघों का डीएनए टेस्ट कराया है। इस कवायद का लाभ यह होगा कि यहां के बाघों का किसी ने भी शिकार कर अंगों को बेचा तो शिकारी पुलिस की गिरफ्त से बच नहीं पाएगा। फिलहाल सरिस्का में 14 बाघ-बाघिन है।

वर्ष 2005 में बाघ विहीन घोषित होने का दंश झेल चुके सरिस्का बाघ परियोजना में बाघ संरक्षण को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सख्त मॉनिटरिंग के साथ ही शिकारियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। इतना ही नहीं शिकारियों पर शिकंजा कसने के लिए सरिस्का प्रशासन ने अपने यहां के बाघों का डीएनए टेस्ट भी कराया है। सरिस्का में पूर्व में 20 से 25 बाघों के रहने का दावा किया जाता रहा है। वर्ष 2000 से 2005 के दौरान सरिस्का में बाघों का दिखना कम हो गया और वर्ष 2005 में सरिस्का बाघ परियोजना को बाघ विहिन घोषित कर दिया गया। इसके बाद बाघों के शिकार होने का दावा किया गया तथा सीबीआई से जांच एवं टास्क फोर्स का गठन किया गया। इससे सरिस्का बाघ परियोजना की देश-दुनिया में छवि धूमिल हुई।

अथक प्रयास के बाद वर्ष 2008 में रणथम्भौर बाघ अभ्यारण्य से यहां बाघों की शिफ्टिंग शुरू हुई और अब सरिस्का में बाघों का कुनबा बढ़कर 15 तक पहुंच पाया। इसमें से एसटी-1 की जहर देने से मौत हो चुकी है। इस तरह वर्तमान में सरिस्का में 14 बाघ-बाघिन हैं। बाघ के बाल से लेकर हड्डी, खाल सभी अंग कीमती होती है और इन अंगों को बेचने पर शिकारियों को मोटी रकम मिलती है। अब यदि किसी शिकारी ने ऐसा प्रयास किया और बाघों का शिकार कर अंगों को कहीं बेचा तो शिकारी पकड़ में आ जाएंगे। अंगों के पकड़ में आते ही पता चल जाएगा कि अंग कौनसे बाघ के है और वह कहां का हैं।

डीएनए टेस्ट से शिकार हुए बाघ का पता चलते ही शिकारियों तक पहुंचना आसान हो जाएगा। आरएस शेखावत सीसीएफ सरिस्का बाघ परियोजना ने बताया कि सरिस्का बाघ परियोजना में बाघ-बाघिनों का डीएनए टेस्ट कराया गया है। इससे बाघों के शिकार पर रोक लगेगी। इस प्रयास का लाभ यह होगा कि शिकार के बाद बाघों के अंगों को बेचने पर शिकारी का पता लगाना आसान हो जाएगा। अंगों के पकड़े जाने पर बाघों की पहचान करना आसान हो जाएगा।

 

Related Articles

Back to top button