![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2018/03/CMS_-_student-ddd.jpg)
साइन्स ओलम्पियाड फाउण्डेशन द्वारा सीएमएस छात्रा को स्कॉलरशिप
लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) की कक्षा-9 की छात्रा गरिमा मिश्रा को साइन्स ओलम्पियाड फाउण्डेशन, नई दिल्ली द्वारा रु. 5000/- की स्कॉलरशिप से नवाजा गया है। बहुमुखी प्रतिभा की धनी गरिमा को यह स्कॉलरशिप उसकी शैक्षणिक उत्कृष्टता के आधार पर ‘गर्ल चाइल्ड स्कॉलरशिप स्कीम’ के अन्तर्गत प्रदान की गई है, जिससे वह अपनी शिक्षा-दीक्षा का खर्च सुविधापूर्वक वहन कर सके। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि इस प्रतिष्ठित स्कॉलरशिप हेतु देश भर के 5000 विद्यालयों की 300 छात्राओं का चुना गया, जिसमें सी.एम.एस. गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) की छात्रा गरिमा मिश्रा भी शामिल है। यह स्कॉलरशिप अत्यन्त मेधावी बालिकाओं की शिक्षा-दीक्षा में मदद करने के उद्देश्य से प्रदान की जाती है। गरिमा ने इस उपलब्धि हेतु अपने विद्यालय एवं प्रधानाचार्या आभा अनन्त का हार्दिक आभार व्यक्त किया है। श्री शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. का मानना है कि बालिकाओं की शिक्षा-दीक्षा सामाजिक विकास में सार्थक एवं स्थायी परिवर्तन का महत्वपूर्ण कारक है और इसी उद्देश्य हेतु सी.एम.एस. अपने छात्रों की प्रतिभा को निखारने एवं प्रोत्साहित करने में सदैव तत्पर है और छात्रों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराता है। सी.एम.एस. का लक्ष्य बच्चों को वर्ल्ड लीडर के रूप में तैयार करने वाली शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि वे कल के विश्वव्यापी समाज का नेतृत्व अपने विकसित मानवीय दृष्टिकोण से कर सके।