उत्तर प्रदेशलखनऊ

सिंगापुर गणित व विज्ञान ओलम्पियाड में लखनऊ के छात्रों ने जीते चार कांस्य पदक

स्वदेश वापसी पर सीएमएस छात्रों का भव्य स्वागत

लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल, अलीगंज (प्रथम कैम्पस) का 15 सदस्यीय छात्र दल सिंगापुर में आयोजित अन्तर्राष्ट्रीय गणित व विज्ञान ओलम्पियाड (आई.एम.एस.ओ.-2017) में प्रतिभाग कर स्वदेश लौट आया। इस ओलम्पियाड में 22 देशों के प्रतिभागी छात्रों के बीच सी.एम.एस. छात्र प्रांजल गिरी, हर्षित कुशवाहा, आरूष सिंह एवं आदित्य पाण्डेय ने विज्ञान वर्ग की प्रतियोगिताओं में चार काँस्य पदक अर्जित कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। स्वदेश वापसी पर इस छात्र दल का सी.एम.एस. छात्रों, शिक्षकों व अभिभावकों ने अमौसी एअरपोर्ट पर छात्र दल का भव्य स्वागत किया। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि आई.एम.एस.ओ.-2017 का आयोजन सिंगापुर के शिक्षा मंत्रालय एवं नुस हाईस्कूल ऑफ मैथ एण्ड साइंस, सिंगापुर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें 22 देशों के छात्रों ने प्रतिभाग किया। ओलम्पियाड का उद्देश्य प्राइमरी स्तर के छात्रों को गणित एवं विज्ञान की नवीनतम उपलब्धियों से अवगत कराना, उनकी सृजनात्मक क्षमताओं का विकास एवं विभिन्न देशों के छात्रों के बीच अन्तर-साँस्कृतिक सम्बन्धों को विकसित करना था।

श्री शर्मा ने बताया कि आई.एम.एस.ओ.-2017 में प्रतिभाग कर स्वदेश लौटे छात्रों यास्तिका सिंह, अमोध अनन्त, नक्षत्र विद्यार्थी, गौरांगी पाठक, आराध्या पाण्डेय, यश उपाध्याय, जया सिंह, प्रांजल गिरी, हर्षित कुशवाहा, आरुष सिंह, आदित्य पाण्डेय एवं दिवा चन्द्रा शामिल हैं। छात्र दल का नेतृत्व सी.एम.एस. अलीगंज (प्रथम कैम्पस) की शिक्षिका सुश्री रितु त्रिपाठी ने किया जबकि डेप्युटी लीडर के रूप में शिक्षिकाएं सुश्री नीलम सिंह एवं सुश्री राखी चतुर्वेदी सिंगापुर गई थी। सिंगापुर से लौटे छात्रों ने अपने अनुभवों के बारे में बड़े ही उत्साह से बताते हुए कहा कि इस अन्तर्राष्ट्रीय गणित व विज्ञान ओलम्पियाड में हमने अपनी प्रतिभा तथा दक्षता का विकास किया साथ ही साथ विश्व के विभिन्न देशों के छात्रों के साथ ज्ञान का आदान-प्रदान अत्यन्त सार्थक रहा। श्री शर्मा ने बताया कि इस अन्तर्राष्ट्रीय गणित व विज्ञान ओलम्पियाड में सी.एम.एस. छात्रों को विभिन्न देशों के छात्रों के साथ अपने गणित व विज्ञान के ज्ञान का आदान-प्रदान करने का भरपूर अवसर मिला, साथ ही साथ सी.एम.एस. छात्र गणित व विज्ञान जगत की नवीनतम जानकारियों से रूबरू हुए। श्री शर्मा ने बताया कि सिटी मोन्टेसरी स्कूल अपने छात्रों को देश-विदेश की शैक्षिक यात्राओं में भाग लेने के अधिक से अधिक अवसर प्रदान कराता है, जिसका उद्देश्य भावी पीढ़ी का सामान्य ज्ञान बढ़ाना तथा विश्वव्यापी दृष्टिकोण विकसित करना है।

Related Articles

Back to top button