सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा का जायजा लेने जैसलमेर जाएंगे गृहमंत्री राजनाथ

जयपुर। पाकिस्तान से बढ़े तनाव के बीच केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार शाम को अन्तरराष्ट्रीय सीमा के निकट स्थित जैसलमेर जाएंगे। साथ ही संभावना जताई जा रही है कि वे बाड़मेर भी जा सकते हैं।
वहीं सात और आठ अक्टूबर को जैसलमेर में पाक सीमा से सटे राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे जिसमें सीमावर्ती इलाकों की ताजा स्थिति के संबंध में जानकारी लेंगे और हालात की समीक्षा करेंगे। गृहमंत्री संभवत: मुनाबाव (बाडमेर) भी जाएंगे और वहां के हालात का जायजा भी लेंगे।
इसके साथ ही साथ अन्तरराष्ट्रीय सीमा के निकट स्थित प्रख्यात तनोत मंदिर के विशेष पूजा अर्चना में शामिल होंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी मौजूद रहेंगी। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की ओर से 1965 और 1971 के भारत-पाक युद्ध के साक्षी रहे तनोट मंदिर में गुरुवार से “राष्ट्र सुरक्षा यज्ञ” कराया जाएगा।
1965 के भारत-पाक युद्ध में पाकिस्तानी सेना ने इसी मंदिर पर 3000 बम गिराए थे, फिर भी मंदिर पूरी तरह से सुरक्षित रहा। इनमें से 450 अभी भी मंदिर के संग्रहालय में सुरक्षित रखे हुए हैं।
सेना के जवानों में इस मंदिर को लेकर काफी मान्यता है। इस यज्ञ में शुक्रवार को राजनाथ सिंह और वसुंधरा राजे दोनों ही शामिल होंगे। यज्ञ के लिए 500 पंडित बुधवार को ही पाक सीमा से सटे तनोट मंदिर पहुंच गए। उधर, गृहमंत्री की बैठक में शामिल होने के लिए थल सेनाध्यक्ष भी जयपुर पहुंच चुके हैं।