![syria flag](http://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2014/08/syria-flag.jpg)
बेरुत। पूर्वी सीरिया में इस्लामिक स्टेट उग्रवादी समूह ने पिछले दो सप्ताह की लड़ाई में 700 कबीलाई लोगों को मार डाला है। सीरिया में एक मानव अधिकार समूह के कार्यकर्ताओं ने बताया है कि इनमें से अधिकांश लोग नागरिक थे। वहां मानव अधिकारों की निगरानी करने वाली संस्था पिछले तीन वर्षों से वहां जारी संघर्ष पर नजर रखे हुए है। इस संस्था ने विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि डायर अल जोर प्रांत में अल शईतात कबीले के लोगों को मारने के लिए अमानवीय तरीकों का इस्तेमाल किया गया। संस्था के पर्यवेक्षक निदेशक रमी अब्देलरहमान ने बताया कि अलशईतात कबीले के लोगों को सिर काट कर मौत के घाट उतारा गया। उग्रवादियों ने सीरिया के अधिकांश हिस्सों खासकर उत्तर और पूर्व के ग्रामीण इलाकों में अपना नियंत्रण बना लिया है। एक कार्यकर्ता ने अपना नाम जाहिर न करने की शर्त पर बताया कि इनमें से 300 लोगों को एक ही दिन मारा गया।