लखनऊ

सी.एम.एस. छात्र को एक लाख अमेरिकी डालर की स्काॅलरशिप


लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल, अलीगंज (प्रथम कैम्पस) के छात्र मोहम्मद बिन शफी को उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका के तीन विश्वविद्यालयों द्वारा स्काॅलरशिप के साथ चयनित किया गया है, जिनमें इलिनोईस इन्स्टीट्यूट आॅफ टेक्नोलाॅजी द्वारा 1,00,000 अमेरिकी डालर, यूनिवर्सिटी आॅफ इलिनोईस, शिकागो द्वारा 40,000 अमेरिकी डालर, यूनिवर्सिटी आॅफ सिनसिनाटी, ओहियो द्वारा 40,000 अमेरिकी डालर की स्काॅलरशिप शामिल है। यह सभी स्काॅलरशिप चार वर्षीय शिक्षा अवधि के लिए है।

इस प्रकार सी.एम.एस. के एक और प्रतिभाशाली छात्र ने अपनी शैक्षिक उत्कृष्टता के दम पर अमेरिका के ख्यातिप्राप्त विश्वविद्यालयों में स्काॅलरशिप के साथ चयनित होकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने इस मेधावी छात्र की अभूतपूर्व सफलता पर बधाई दी है। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. छात्रों को अमेरिका, इंग्लैण्ड, कनाडा, आस्ट्रेलिया आदि विभिन्न देशों के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों से स्काॅलरशिप के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त करने के आमन्त्रण लगातार प्राप्त हो रहे हैं। अभी तक सी.एम.एस. के 58 छात्र विदेशों के सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों में स्काॅलरशिप के साथ चयनित हो चुके हैं।
श्री शर्मा ने बताया कि सैट सेन्टर के रूप में सी.एम.एस. न सिर्फ अपने विद्यालय के छात्रों को अपितु लखनऊ व पूरे उत्तर प्रदेश के छात्रों को अपनी शैक्षिक प्रतिभा को प्रदर्शित करने एवं विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान कर रहा है। इन्हीं प्रयासों का प्रतिफल है कि अब तक बहुत बड़ी संख्या में छात्रों ने विदेशों के टाॅप विश्वविद्यालयों में 100 प्रतिशत स्काॅलरशिप के साथ प्रवेश की अर्हता प्राप्त की है।

Related Articles

Back to top button