
स्वच्छता सर्वेक्षण में चयनित उप्र के 15 नगर निकायों के प्रतिनिधि होंगे सम्मानित

लखनऊ : स्वच्छता सर्वेक्षण में इस बार उत्तर प्रदेश के 15 नगर निकायों का चयन हुआ है। चयनित निकायों के प्रतिनिधियों को छह मार्च को दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। भारत मिशन (शहरी) के राज्य इकाई के निदेशक अनुराग यादव के अनुसार, केंद्र सरकार की ओर से यह स्वच्छता सर्वेक्षण कराया गया है जिसमें प्रदेश के 15 नगर निकायों का चयन किया गया है। उन्होंने कहा, इसमें तीन नगर निगम, गाजियाबाद, झांसी व मथुरा-वृंदावन शामिल हैं। तीन नगर पालिका परिषद गुलावटी (बुलंदशहर), धनौरा (अमरोहा), मुरादनगर (गाजियाबाद) और नौ नगर पंचायतों को शामिल किया गया है जिसमें साहाबाद (हरदोई), नदीगांव व उरई (जालौन), जसराना (फिरोजाबाद), गौरा व बरहज (देवरिया), फतेहपुर चौरासी (उन्नाव), पलियाकलां व मोहम्मदी (खीरी) शामिल किए गए हैं। सभी नगर आयुक्तों को पुरस्कार लेने वाले प्रतिनिधियों के नाम भेजने के निर्देश दिए गए हैं। स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रदेश के 652 नगर निकायों समेत देश भर के कुल 4,237 निकायों को शामिल किया गया था।



