फीचर्डराष्ट्रीय

101 नदियों को जलमार्ग में तब्दील किया जाएगा: गडकरी

gadakariनई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि आर्थिक वृद्धि को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार देश में जलमार्गों को बढ़ावा देना चाहती है। इसके तहत देश की 101 नदियों को जलमार्ग में बदलने का प्रस्ताव है। सड़क परिवहन, राजमार्ग और जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि जलमार्ग को प्रोत्साहित करना मेरे मंत्रालय की शीर्ष प्राथमिकता है। हमने 101 नदियों की पहचान की है। इन्हें जलमार्ग में तब्दील किया जा सकता है। यह परिवहन का बेहद सस्ता माध्यम है। उन्होंने कहा, इसके लिए विधेयक पर संसद से स्वीकृति ली जाएगी। सरकार अब तक पांच नदियों के कुछ हिस्सों को जलमार्ग के तौर पर घोषित कर चुकी है। इनमें तीन परिचालन में हैं। उन्होंने कहा, इस क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के लिए कई पहल की जा रही हैं, क्योंकि सड़क और रेल परिवहन के मुकाबले सस्ता होने के बावजूद देश ने अब तक जलमार्ग की संभावनाओं का फायदा नहीं उठाया है। जलमार्ग आर्थिक वृद्धि को प्रोत्साहित करने में उल्लेखनीय भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि उनका मंत्रालय सड़क पर यातायात के बोझ को कम करने और जलमार्ग को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसमें परिवहन लागत करीब 50 पैसे प्रति किलोमीटर है। वहीं, रेल परिवहन की लागत एक रुपये और सड़क परिवहन की डेढ़ रुपये प्रति किलोमीटर है। अंतर्देशीय जलमार्ग में नदी, झील, नहर, छोटी नदी, बैक वाटर आदि शामिल हैं। देश में इसका विस्तार करीब 14,500 किलोमीटर है। सरकार ने देश में प्रधानमंत्री जल मार्ग योजना शुरू करने का पहले ही निर्णय लिया हुआ है। इसके अलावा देश में छोटे और देश के भीतरी हिस्सों में बंदरगाह बनाने की भी योजना है। एजेंसी

Related Articles

Back to top button