राज्यराष्ट्रीय

भगवान जगन्नाथ की चंदन यात्रा के दौरान पटाखों में विस्फोट, 20 श्रद्धालु झुलसे; 6 की हालत गंभीर

पुरी: ओडिशा के पुरी में चंदन यात्रा के दौरान पटाखे फटने से 20 से अधिक श्रद्धालुओं के झुलसने की सूचना है। ये हादसा नरेंद्र तालाब में त्रिदेव के ‘चापा खेला’ के दौरान हुआ। झुलसने वाले कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआत में, मरीजों को आउटडोर विभाग में ले जाया गया और बाद में सर्जरी वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया। अस्पताल में बर्न यूनिट का अभाव है।

चंदन यात्रा के दौरान तालाब के देवी घाट किनारे पटाखा फोड़ने का भी प्रावधान था। फूटे पटाखों की चिंगारी पवित्र तालाब में जलक्रीड़ा देखने के लिए एकत्र हुए श्रद्धालुओं पर गिरी, जिससे ये हादसा हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स में गवाह के हवाले से बताया गया है कि करीब छह लोगों की हालत गंभीर है। एक बच्चे का एक हाथ बुरी तरह जल गया।

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने घटना पर दुख जताया है। एक्स हैंडल पर उन्होंने लिखा, पुरी नरेंद्र तालाब के पास दुर्घटना के बारे में सुनकर दुख हुआ। मुख्य सचिव और जिला प्रशासन को घायलों का उचित इलाज सुनिश्चित करने और उनके इलाज की निगरानी करने का निर्देश दिया गया है। घायलों के सभी चिकित्सा खर्च मुख्यमंत्री राहत कोष से वहन किया जाएगा। सभी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों की कमी के कारण अस्पताल अधिकारियों ने कटक और भुवनेश्वर के कुछ अस्पतालों में रेफर कर दिया है। 18 से अधिक गंभीर रोगियों को कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया था।

Related Articles

Back to top button