![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2022/08/Corona-Death-PTI-2-764x430-1.jpg)
नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) में कोरोना महामारी (Corona Pandemic) के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक राज्य में पिछले 24 घंटे में 2,136 नए मरीज दर्ज किए गए हैं। जबकि, संक्रमण से 10 लोगों की मौत हुई है।इसी के साथ संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 19,80,402 और मृतक संख्या 26,367 पर पहुंच गई है। वहीं, राज्य में आज 2,623 लोग कोरोना से उबरने के बाद महामारी से ठीक होने वालों की संख्या 19,45,692 हो गई है।
गौरतलब है कि दिल्ली में गुरुवार को 2,726 नए मामले सामने आए, जबकि महामारी से 10 लोगों की मौत हुई थी। राष्ट्रीय राजधानी में पॉजिटिव रेट 14.38 प्रतिशत दर्ज की गई थी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक राज्य में आज पॉजिटिव रेट 15.02 प्रतिशत दर्ज किया गया है। इसी के साथ एक्टिव मरीजों की संख्या 8,343 हो गई हैं। होम आइसोलेशन में 5,676 मरीज और अस्पताल में 531 भर्ती है। विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटे में दिल्ली में 14,225 नमूनों की कोरोना जांच की गई, जिनमें 11,180 RT-PCR और 3,045 एंटीजन टेस्ट शामिल है। राज्य में अब तक 3,96,87,260 नमूनों की जांच की जा चुकी हैं।
आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में वर्तमान में कोविड अस्पतालों में आरक्षित 9,408 में से 8,831 बेड खाली हैं। वहीं, कोविड केयर सेंटर के 25 और कोविड हेल्थ सेंटर के 129 बेड खाली हैं। दिल्ली में बीते 24 घंटे में 6,583 वैक्सीन की डोज लगाई गई हैं। इनमें 252 पहली डोज, 827 दूसरी डोज और 5,504 बूस्टर डोज शामिल हैं। इसके अलावा 15-17 उम्र के 68 लोगों ने वैक्सीन की डोज लगवाई।