टॉप न्यूज़राष्ट्रीय

पुरी के श्रीगुंडिचा मंदिर में मची भगदड़, 3 लोगों की मौत; 10 घायल

पुरी: ओडिशा के पुरी से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां आज रविवार की सुबह श्रीगुंडिचा मंदिर के पास भगदड़ मचने से 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं इस घटना में 10 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी आ रही है। मिली जानकारी के मुताबिक, आज सुबह करीब 4:30 बजे, भारी संख्या में भक्त श्रीगुंडिचा मंदिर के सामने भगवान के दर्शन करने के लिए एकत्रित हुए थे। उसी दौरान वहां काफी धक्का-मुक्की और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

बता दें कि यह हादसा शरधाबली के नजदीक, श्रीगुंडिचा मंदिर के सामने हुई है। घटना के वक्त रथ पर विराजमान भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए भारी संख्या में भक्तों का हुजुम जुटा हुआ था। इस दौरान सुरक्षा में लगी पुलिस और कर्मियों को भीड़ को कंट्रोल करना मुश्किल हो गया और लोगों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस दौरान कुछ लोग जमीन पर गिर पड़े और भगदड़ मच गई।

हादसे में 2 महिला समेत तीन की मौत
सुबह-सुबह मची इस भगदड़ में 3 लोग भीड़ के नीचे दब गए और उनके उपर से भक्तों का भीड़ गुजराता रहा, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक खुर्दा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मरने वालों में 2 महिलाएं प्रभाती दास और बसंती साहू शामिल हैं, वहीं एक 70 वर्षीय पुरुष प्रेमाकंत महांती का भी मौत हो गया है।

घायलों का जिला अस्पताल मे इलाज जारी
वहीं, इस भगदड़ की घटना में घायल लोगों को तुरंत इलाज के लिए 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की टीम घायलों की लगातार इलाज कर रही है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले शनिवार, 28 जून को जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान बीमार पड़े 600 से अधिक भक्तों का पुरी के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज किया गया। जगनाथ यात्रा में भारी भीड़ के कारण कई लोग धक्का-मुक्की से घायल हो गए थे, जबकि 200 से अधिक लोग गर्मी और उमस भरे मौसम के कारण बेहोश हो गए थे।

जगन्नाथ रथ यात्रा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
ओडिशा के पुरी में आयोजित जगन्नाथ यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। ओडिशा पुलिस, सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेज, नेशनल सिक्योरिटी गार्ड के लगभग 10,000 से अधिक जवानों की तैनाती की गई है। पुलिस ने रथ यात्रा के सुचारू संचालन के लिए सभी स्तर पर अपनी तैयारियां की है।पुलिस महानिदेशक खुरानिया ने शनिवार को बताया था कि भीड़ पर नजर रखने के लिए 275 से अधिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लैस सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

Related Articles

Back to top button