मनोरंजन

41 की हुईं बिपाशा


मुम्बई : बोल्ड गर्ल बिपाशा बसु आज 41 वर्ष की हो गईं। दिल्ली में 7 जनवरी 1979 को जन्मी बिपाशा ने अपने करियर की शुरूआत बतौर मॉडल की। बॉलीवुड में बिपाशा ने अपने करियर की शुरूआत वर्ष 2001 में प्रदर्शित फिल्म अजनबी से की। इस फिल्म में बिपाशा के अपोजिट अक्षय कुमार थे। फिल्म में बिपाशा का किरदार ग्रे शेड्स लिये हुये था। बावजूद इसके बिपाशा ने अपने दमदार अभिनय से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस फिल्म के लिये बिपाशा को फिल्म फेयर की ओर से डेब्यू पुरस्कार भी दिया गया। 2002 में बिपाशा को विक्रम भट्ट के निर्देशन में बनी फिल्म राज में काम करने का अवसर मिला। थ्रिलर से भरपूर राज भी दर्शको को बेहद पसंद आयी साथ ही बिपाशा अपने दमदार अभिनय के लिये सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिये नामांकित की गयीं।

2003 में प्रदर्शित फिल्म जिस्म बिपाशा के करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में शामिल है। इस फिल्म में बिपाशा ने एक बार फिर से नेगेटिव किरदार निभाया था। जिस्म में बिपाशा के अपोजिट जॉन अब्राहम थे। बिपाशा और जॉन की जोड़ी को दर्शकों ने बेहद पसंद किया। इस फिल्म की सफलता के बाद बिपाशा और जॉन की जोड़ी ने कई फिल्मों में साथ काम कर दर्शकों का मनोरंजन किया। बिपाशा ने 2016 में अभिनेता करण सिंह ग्रोवर के साथ शादी कर ली। बिपाशा ने अपने सिने करियर में अब तक करीब 55 फिल्मों में काम किया है।

Related Articles

Back to top button