
ग्रेटर नोएडा में जर्मन शेफर्ड का हमला, 5 साल का बच्चा घायल; मालिक पर लापरवाही का आरोप
दनकौर (ग्रेटर नोएडा)। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में पालतू कुत्ते के हमले का मामला सामने आया है। कोतवाली क्षेत्र के ठसराना गांव में रविवार को पड़ोसी के जर्मन शेफर्ड कुत्ते ने पांच वर्षीय बच्चे पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
घर के बाहर से गुजरते समय अचानक किया हमला
पीड़ित बच्चे के पिता मोहित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा किसी काम से पड़ोसी के घर के सामने से गुजर रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद जर्मन शेफर्ड कुत्ता अचानक उस पर झपट पड़ा और उसके पैर में काट लिया, जिससे वह घायल हो गया।
घटना के बाद मचा हड़कंप, अस्पताल में कराया भर्ती
बच्चे के घायल होते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज कराया गया। घटना के बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
मालिक पर लापरवाही का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
पीड़ित परिवार का आरोप है कि कुत्ते के मालिक ने उसे ठीक से बांधकर या नियंत्रित नहीं रखा, जिसकी वजह से यह घटना हुई। दनकौर पुलिस का कहना है कि शिकायत मिल गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



