
कांकेर : छत्तीसगढ़ के कांकेर में गुरुवार रात दो कारें भिड़ गईं। इस हादसे में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, 3 गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे का शिकार हुए सभी लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। कांकेर जिला अस्पताल में घायलों का इलाज किया जा रहा है। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर नथिया नवागांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, मृतक चारामा ब्लॉक के उड़कूड़ा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मामले कि जानकारी देते हुए कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि लखनपुरी निवासी एक ही परिवार के सात लोग शादी कार्यक्रम के लिए कांकेर आए हुए थे। देर रात शादी कार्यक्रम से वापस लौटने के दौरान अचानक से नथिया गांव के पास सामने से आ रही एक अन्य कार से टक्कर हो गई, इस हादसे में एक सात साल के बच्चे समेत छह लोगो की मौत हो गई, जबकि सामने कार चालक तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जबकि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। सड़क पर धीमी गति से वाहन चलाने का बोर्ड भी लगा था, लेकिन एक या दोनों कार के ड्राइवरों ने इसे नजर अंदाज किया। इस वजह से हादसा हुआ।
नेशनल हाईवे-30 पर इससे पहले भी कई जानलेवा हादसे हो चुके हैं। जनवरी के महीने में इसी हाईवे पर बस और बाइक की टक्कर हुई थी। इस हादसे में पिता और बेटे की मौत हो गई थी। वहीं, दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हुई थीं। जनवरी के महीने में ही नेशनल हाईवे-30 पर कांकेर जिले में दो ट्रकों में भीषण टक्कर हुई थी। इस घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया था।



