65 KM दूर प्रेमिका से मिलने आया आशिक चढ़ा गांव वालों के हत्थे, पंचायत ने मंदिर में करा दी शादी; तस्वीरें वायरल

अमरोहा: उत्तर प्रदेश में अमरोहा जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र से एक अनोखा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां एक युवक अपनी प्रेमिका को मेला दिखाने आया था, लेकिन लौटते समय ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और शादी के लिए मजबूर कर दिया। बाद में पंचायत की सहमति से गांव के मंदिर में दोनों की शादी करवा दी गई। अब इस शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और यह घटना जिले भर में चर्चा का विषय बन गई है।
कहां की है पूरी घटना?
मिली जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला अमरोहा जिले के गजरौला थाना क्षेत्र के गांव शीशोवाली का है। जहां 22 वर्षीय प्रेम सिंह उर्फ लाला, बाइक से करीब 65 किलोमीटर दूर स्थित गांव में अपनी प्रेमिका सावित्री से मिलने पहुंचा था। बुधवार को प्रेम सिंह सावित्री को आदमपुर क्षेत्र में स्थित एक शिव मंदिर में सावन के मेले में घुमाने ले गया। जब देर रात प्रेम सिंह सावित्री को उसके घर छोड़ने जा रहा था, तभी कुछ ग्रामीणों ने दोनों को देख लिया। उन्हें शक हो गया और उन्होंने प्रेमी को पकड़ लिया और घर ले जाकर बंधक बना लिया। इसके बाद मामले की खबर पूरे गांव में फैल गई।
पंचायत बैठी, शादी का फैसला हुआ
गुरुवार को गांव में एक पंचायत बुलाई गई, जिसमें प्रेमिका के परिजनों के साथ-साथ प्रेमी के परिवार को भी बुलाया गया। करीब ढाई घंटे तक पंचायत चली और इस दौरान फैसला लिया गया कि प्रेम सिंह को सावित्री से शादी करनी होगी। दोनों ही एक ही बिरादरी के थे, इसलिए समाजिक रूप से कोई रोक-टोक नहीं थी। इसके बाद गांव के शीतला माता मंदिर में पूरे रीति-रिवाज के साथ फेरे कराए गए और दोनों की शादी संपन्न हो गई।
5 साल से चल रहा था प्रेम-प्रसंग
ग्रामीणों ने बताया कि यह प्रेम कहानी करीब 5 साल पुरानी है। सावित्री की बड़ी बहन की शादी 5 साल पहले इसी गांव में हुई थी। उसी शादी में प्रेम सिंह बारात में शामिल हुआ था और वहीं दोनों की मुलाकात हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध शुरू हो गया। पिछले कई सालों से दोनों चोरी-छिपे मिलते रहे, लेकिन प्रेम सिंह शादी के लिए तैयार नहीं हो रहा था। जब यह बात ग्रामीणों को पता चली कि लड़की शादी के लिए तैयार है लेकिन लड़का टालमटोल कर रहा है, तो उन्होंने प्रेम सिंह को पकड़कर उसकी शादी करवा दी।
शादी का वीडियो वायरल
गांव के लोगों ने इस पूरी शादी का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। शादी की तस्वीरें भी इंटरनेट पर शेयर की जा रही हैं। यह मामला अब स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन चुका है।