उत्तराखंडटॉप न्यूज़राज्य

उत्तराखंड के 12वें सीएम बने पुष्कर सिंह धामी, सतपाल महाराज समेत 8 मंत्रियों ने भी ली शपथ

देहरादून: पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनियता की शपथ ली। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने धामी और उनके मंत्रिमंडल को शपथ दिलवाई। उत्तराखंड में लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनकर धामी ने रिकॉर्ड बनाया है। 2022 के विधानसभा चुनावों के बाद भाजपा हाईकमान ने उन्हें रिपीट करने का फैसला लिया है।

धामी के साथ आठ कैबिनेट मंत्रियों के नाम भी ऐलान किया, जिनमें सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, रेखा आर्य और प्रेमचंद अग्रवाल ने भी शपथ ली। सितारगंज से विधायक सौरभ बहुगुणा और बागेश्वर विधायक चंदन राम पहली बार कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं।

पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ सहित भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व कई वीवीआईपी की मौजूदगी में देहरादून स्थित परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। शपथ ग्रहण समारोह पहली बार राजभवन से निकलकर परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया। उत्तराखंड पर्यवेक्षक व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा मुख्यमंत्री के पद पर धामी की ताजपोशी की घोषणा के बाद से ही परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां चल रही थीं।

धामी के खटीमा सीट से हारने के बाद से ही विधायकों के बीच सीएम बनने की लॉबिंग शुरू होने के साथ ही सीएम की रेस में विधायक दिल्ली दौड़ लगाते हुए दिखाए दिए। लेकिन, विधायक दल की बैठक के बाद सोमवार को धामी के नाम पर ही हाईकमान ने हामी भरी थी।

विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा ने प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज की है। 70 सीटों वाले उत्तराखंड में भाजपा के खाते में 47 सीटें आईं हैं। कांग्रेस को 19 विधानसभा सीटों से ही संतुष्ट होना पड़ा, जबकि, बीएसपी ने वापसी करते हुए दो सीटों पर जीत दर्ज की और दो निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी चुनावी पारी खेलनी शुरू की है। आम आदमी पार्टी ‘आप’ का कोई भी प्रत्याशी उत्तराखंड में खाता नहीं खोला पाया। ‘आप’ के सीएम चेहरे कर्नल अजय कोठियाल गंगोत्री विधानसभा सीट से चुनाव हार गए थे। यहां से भाजपा के सुरेश चौहन ने जीत दर्ज की है।

Related Articles

Back to top button