हैवानियत : नाबालिग को अगवा कर सामूहिक दुराचार
![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2017/10/header.jpeg)
फरीदाबाद : सेक्टर सात इलाके में रहने वाली एक नाबालिग लड़की से उसकी मामी के माध्यम से दो युवकों ने दोस्ती गांठ ली। एक दिन दोनों लड़की को अगवा कर अपने साथ चंडीगढ़ ले गए। जहां आरोपियों ने लड़की के साथ हर रोज सामुहिक बलात्कार करना शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद लड़की की मां ने उसे आरोपियों की चंगुल से छुड़वा लिया। पुलिस द्वारा कार्यवाई न करने पर पीडि़ता अदालत की शरण में चली गई। अब अदालत के आदेश थाना सेक्टर सात पुलिस ने दो पुलिस कर्मचारियों समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक सेक्टर सात इलाके की एक बस्ती में रहने वाली एक महिला ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा है कि वह यहां अपने बच्चों के साथ रहती है। उसके पड़ोस में ही उसका भाई व भाभी सपना अपने परिवार के साथ रहते है। दोनों परिवारों का एक दूसरे में घर में काफी आना जाना था। बच्चों के गुजारे के लिए वह एक कंपनी में काम करती है। उसकी भाभी के घर में राकेश व सूरज नामक युवकों का काफी आना जाना था। यह दोनों युवक उसकी भाभी सपना की मदद से उसकी नाबालिग बेटी के साथ काफी बातचीत करते थे। गत 15 जुलाई को दोनों सपना की मदद से उसकी बेटी को अगवा कर फरार हो गए। शाम को वह घर लौटी तो उसे पता चला। उसने मामले की शिकायत पुलिस से की। लेकिन पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर उसने खुद बेटी की तलाश शुरू कर दी।
गत दस अगस्त को उसकी बेटी सूरज के साथ दिल्ली स्टेशन पर नजर आ गई। उसे देखते ही सूरज फरार हो गया। वह बेटी को लेकर घर पहुंची। घर पहुंच कर बेटी ने बताया कि दोनों उसे चंडीगढ़ में एक किराए के कमरे में ले गए थे। मकान मालिक से उसका परिचय पत्नी के रूप में करवाया था। यह दोनों हर रोज शराब के नशे में धुत्त होकर उसके साथ बलात्कार करते थे। उसके दवाब डालने पर आरोपी उसे छोडऩे के लिए आ रहा था। अगले दिन उसने मामले की शिकायत पुलिस को दी। कार्रवाई करना तो दूर पुलिस ने उसकी बेटी का मेडिकल तक करवाने की जरूरत महसूस नहीं की। लगातार चक्कर लगाने के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वह अदालत की शरण में चली गई। अब अदालत के आदेश पर पुलिस ने राकेश, सूरज, सपना और दो पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।