अजब-गजबफीचर्डलखनऊ

बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं सी.एम.एस. छात्र : रीता बहुगुणा जोशी


लखनऊ : सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) द्वारा ‘न्यू पैरेन्ट्स ईवनिंग एवं सी.आई.एस.वी. मिनी कैम्प का नेशनल प्रजेन्टेशन समारोह’ का भव्य आयोजन सी.एम.एस. गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) ऑडिटोरियम में किया गया। मुख्य अतिथि रीता बहुगुणा जोशी, महिला एवं परिवार कल्याण मंत्री, उ.प्र. ने प प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत् उदघाटन किया जबकि आई.ए.एस. राजशेखर, ने विशिष्ट अतिथि के रूप में पधारकर समारोह की गरिमा बढ़ाई। इस अवसर पर रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि सी.एम.एस. छात्र प्रतिभा के धनी हैं। हमें बच्चों को अच्छा संसार देने की शुरूआत अपने घर-परिवार से करनी चाहिए। परिवार में एकता का वातावरण ही सामाजिक एकता का कारण बनता है, ऐसे में जरूरी है कि भावी पीढ़ी बड़े-बुजुर्गों की महत्ता को समझे व उन्हें सम्मान देना सीखे। उन्होंने छात्रों को उद्देश्यपूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के सी.एम.एस. के प्रयासों की भरपूर सराहना की। विशिष्ट अतिथि राजशेखर ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन भावी पीढ़ी के दिमाग में शान्ति, एकता, सौहार्द और आपसी भाईचारा जैसे विचारों को समाहित करने में बेहद महत्वपूर्ण हैं।
इससे पहले, समारोह का शुभारम्भ ‘स्कूल प्रार्थना’, सर्व-धर्म प्रार्थना एवं विश्व शान्ति प्रार्थना से हुआ, जिसने सम्पूर्ण वातावरण को आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर कर दिया। जहाँ एक ओर ‘वर्ल्ड पार्लियामेन्ट’ का प्रस्तुतिकरण सभी के आकर्षण का केन्द्र रहा तो वहीं दूसरी ओर विभिन्न रंगारंग शिक्षात्मक-साँस्कृतिक प्रस्तुतियों ने अभिभावकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। नाचते-गाते बच्चों की बहुमुखी एवं बाल सुलभ प्रतिभा को देखकर अभिभावक गदगद हो गये। इस अवसर पर समारोह में विभिन्न देशों के प्रतिनिधि बने बच्चों ने विभिन्न देशों की पारम्परिक पोशाक में गीत, संगीत व लोकनृत्यों के माध्यम से विश्व एकता की बेहतरीन मिसाल प्रस्तुत करते हुए हॅसते-गाते विश्व परिवार की भव्य झाँकी प्रस्तुत की। मैत्री, सद्भाव व भाईचारे की भावना से ओतप्रोत इस लघु विश्व की दर्शकों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने इस अवसर पर कहा कि सी.एम.एस. द्वारा ऐसे प्रयास किये जा रहे हैं जिससे कि प्रत्येक बालक को घर व विद्यालय दोनों जगह विश्व एकता एवं विश्व शान्ति के विचार मिल सके। उन्होंने अभिभावकों का आह्वान किया कि भावी पीढ़ी के चारित्रिक, नैतिक व आध्यात्मिक उत्थान के लिए संकल्पबद्ध हों। सी.एम.एस. गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) की प्रधानाचार्या आभा अनन्त ने कहा कि सी.एम.एस. किताबी ज्ञान के साथ मानवता की शिक्षा देकर बच्चों का सम्पूर्ण विकास करने को प्रतिबद्ध है और आज का यह कार्यक्रम इन्हीं विचारों का साकार रूप है। अभिभावकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक बालक को अच्छा और स्मार्ट बनाने का विद्यालय का लक्ष्य अभिभावकों के सहयोग से ही पूरा हो सकता है।

Related Articles

Back to top button