राज्य

मध्यप्रदेश में भी मानसून ने दी दस्तक: कई शहरों में झमाझम बारिश, रायसेन-सांची मार्ग हुआ बंद

मध्य प्रदेश में मानसून ने दस्तक दे दी है। राज्य के उज्जैन, भोपाल और इंदौर सहित कई शहरों में तेज बारिश हो रही है। इंदौर में बुधवार रात करीब 12:30 बजे से तेज बारिश शुरू हुई, जो आज तड़के तक जारी रही। बारिश के चलते कई निचले इलाकों में पानी भर गया। बारिश की रफ्तार इतनी तेज थी की कुछ दूर की वस्तुएं तक नहीं दिखाई दे रही थीं। 

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह इस मौसम की सबसे तेज बारिश थी। बारिश के चलते कई इलाकों में पानी भरने की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार सुबह भी बूंदीबांदी जारी रही। वाहनों को निकलने में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़। 

वहीं बच्चों को भी स्कूल जाने में काफी परेशानी हुई। बारिश के चलते रायसेन -सांची मार्ग बंद हो गया।   वही राजधानी भोपाल के निचली बस्तियों के घरों में पानी भर गया है। वहीं शाजापुर में तेज बारिश से राष्ट्रीय राजमार्ग-3 के नए पुल की एप्रोच रोड बह गई। इसके चलते शाजापुर के पास सनकोटा से लेकर कनारदी जोड़ तक 15 किमी के हिस्से में करीब ढाई हजार वाहन पांच घंटे तक फंसे रहे।

खरगोन में रातभर से पानी गिरने से भीकनगांव-झिरन्या रोड बंद हो गया। आभापुरी के पास जामरदा पुलिया का एप्रोच रोड बहने से आवागमन ठप हो गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी है।

Related Articles

Back to top button