टॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगराष्ट्रीय

झारखंड में परिवार के पांच सदस्यों की हत्या कर भाइयों ने लगायी फांसी


रांची : आर्थिक तंगी के चलते झारखंड की राजधानी रांची में एक ही परिवार के सात लोगों की आत्महत्या का मामला सामने आया है। इस परिवार के लोग बिहार में मुंगेर जिले के चिरैयाबाग के मूल निवासी थे। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। इससे पहले इसी माह हजारीबाग में एक ही परिवार के छह लोगों के शव मिले थे। रांची में परिवार के मुखिया दीपक झा ने भाई के साथ मिलकर अपनी पत्‍‌नी, बेटा, बेटी और मां-पिता की हत्या कर दी। फिर दोनों सगे भाई फंदे पर झूल गए। कांके थाना क्षेत्र के अरसंडे स्थित घर में सोमवार की सुबह सात शव बरामद किए गए। पुलिस की जांच और कमरे से बरामद 15 पन्ने के सुसाइड नोट के अनुसार पूरी घटना के पीछे प्रथम दृष्ट्या आर्थिक तंगी व भारी कर्ज का मामला सामने आ रहा है। दीपक झा के बेटे का सिर जन्म से ही बड़ा था। सुसाइड नोट में जिक्र है कि उसके इलाज में 25 लाख रुपये खर्च हो चुके थे। यह परिवार मूल रूप से बिहार के मुंगेर जिले के बरियारपुर स्थित चिरैयाबाद का रहने वाला था। वर्तमान में यह परिवार अरसंडे में सेवानिवृत्त सैनिक (एएमसी में मेल नर्स) अलख नारायण मिश्रा के मकान में किराए पर रहता था। आर्थिक तंगी के कारण मकान मालिक को पिछले पांच महीने से किराया भी नहीं दिया था।

बहरहाल, पुलिस अभी इस मामले की जांच कर रही है। हत्या और आत्महत्या के कारणों के साथ-साथ सभी ऐसे बिंदुओं की पड़ताल चल रही है जो मामले को संदिग्ध बना रहे हैं। वहीं, इस घटना पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से मामले का जल्द उद्भेदन करने को कहा है। रविवार की सुबह आठ बजे पड़ोसियों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद मौके पर कांके पुलिस, फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम, डॉग स्क्वायड, सीआइडी व विशेष शाखा की टीम पहुंची। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने करीब छह घंटे तक कमरे से फिंगर प्रिंट, चाकू आदि से साक्ष्य संकलित किया है, जिसे वैज्ञानिक जांच के लिए भेजा गया है। सभी सात शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है। इस महीने एक ही परिवार के खत्म हो जाने की यह दूसरी घटना है। दो हफ्ते पूर्व हजारीबाग में इसी तरह महेश्वरी परिवार के छह सदस्य अपने फ्लैट में मृत पाए गए थे। पुलिस इस मामले में अभी इस नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का।
कौन कैसे मरा
– सच्चिदानंद झा (पिता) : उम्र 65 साल। डीजल शेड कंपनी पतरातू से सेवानिवृत्त। पेंशन भोगी थे। गला घोंटकर की गई है हत्या।
– गायत्री देवी (मां) : उम्र 62 वर्ष, गृहणी। गला रेतकर की गई है हत्या।
– सोनी देवी (पत्नी) : गृहणी। गला घोंटकर की गई है हत्या।
– दृष्टि झा (बेटी) : उम्र आठ साल। हेलो किड्स मैरी स्कूल में कक्षा दो में पढ़ती थी। गला रेतकर की गई है हत्या। – जंगू झा (बेटा) : उम्र 13 महीने। जन्म से ही बीमार। गला घोंटकर हत्या की गई है। सिर में पानी भरने व आंख की बीमारी भी थी। पड़ोसियों के अनुसार, करीब 15 लाख रुपये खर्च करने के बाद भी कोई सुधार न था। मेडिका में चल रहा था इलाज।
– दीपक झा : उम्र 35 वर्ष, घर का एक मात्र कमाने वाला। मेन रोड में फर्नीचर दुकान में सेल्समैन। फांसी पर लटका मिला शव।
– रूपेश झा (छोटा भाई) : उम्र 27 वर्ष। बेरोजगार। छोटा-मोटा ऑनलाइन व्यवसाय में कोई काम करता था। फांसी पर लटका मिला शव।
ऐसे हुआ खुलासा
मृतक दीपक झा की बेटी दृष्टि हेलो किड्स मैरी स्कूल में द्वितीय कक्षा में पढ़ती थी। प्रतिदिन वह स्कूल के वैन से पढ़ने जाती थी। सोमवार की सुबह करीब आठ बजे स्कूल वैन उसे लेने के लिए उसके घर पहुंची थी। दृष्टि को बुलाने के लिए पड़ोसन ऊषा पांडेय का बेटा सूरज पांडेय (ज्ञानदीप एकेडमी में कक्षा दो का छात्र) जब कमरे में पहुंचा तो सबसे पहले उसने दृष्टि के चाचा रूपेश झा (बाबू) को रस्सी से लटकते देखा। इसके बाद वह चिल्लाते हुए बाहर निकला और अपनी मां व अन्य लोगों को घटना की जानकारी दी। जब पड़ोसी घर में पहुंचे तो वहां की स्थिति देखकर सहम गए। इसके बाद ही सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद छानबीन शुरू हुई। दीपक झा व उनका परिवार मकान के एक फ्लैट में रहता था। वहीं, सामने के फ्लैट में मकान मालिक अलखनारायण मिश्रा व उनकी पत्नी थीं। मकान मालिक को भनक तक नहीं लगी और पूरा परिवार साफ हो गया। उन्होंने बताया कि दीपक झा का परिवार सुबह नौ बजे तक उठता था, जबकि वे सुबह छह बजे तक उठ जाते थे। सोमवार की सुबह छह बजे वे तथा उनकी पत्नी उठकर अपने दीपाटोली (खेलगांव थाना क्षेत्र) स्थित मकान में चले गए। वहां पूजा-पाठ होने के कारण वे निकले थे। दीपाटोली में ही थे कि सूचना मिली कि दीपक झा व उनके परिवार के सदस्यों ने खुदकशी कर ली है। इसके बाद वे भी मौके पर पहुंचे थे।

उधर, लोअर बाजार थाने में 27 जुलाई 2018 को रेसिलिएंट फर्नीचर के मालिक हर्षव‌र्द्धन जैन ने क्रिसलय मिश्रा पर जालसाजी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। यह बात सामने आई थी कि क्रिसलय मिश्रा दीपक झा का करीबी है। दीपक झा पर भी मालिक को शक था, इसलिए पुलिस ने दीपक से भी पूछताछ की थी। दूसरे ही दिन दीपक झा के सपरिवार खुदकशी का मामला सामने आया। 15 पन्नों के सुसाइड नोट में भी इस केस का जिक्र किया गया है, जिसमें कहा है कि इस केस में मैं फंस सकता हूं। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है। घर से बाहर में कोई नहीं घुसा है। घटना घर के अंदर ही घटी है। प्रथमदृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कर्ज में दबे होने के कारण दीपक झा और उसके भाई ने परिवार के सदस्यों की हत्या की और फंदे पर झूल गए। गौरतलब है कि रांची के कोकर स्थित रिवर्सा अपार्टमेंट में नौ अक्टूबर, 2016 को एक डॉक्टर के परिवार के छह लोगों ने अात्महत्या कर ली थी। सिर्फ डॉक्टर सुकांतो सरकार ही बचे थे, जिन पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा था। बाद में सुकांतो सरकार की भी मौत हो गई थी।

Related Articles

Back to top button