फीचर्डराजनीति

अफ्रीका के साथ भारत के संबंध ऐतिहासिक हैं :प्रधानमंत्री मोदी

दस्तक टाइम्स/एजेंसी-
pm-modi_660_120614054820_021115091109_041715112927नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि इस महीने के अंत में होने वाला भारत -अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन दोनों पक्षों के बेहतर भविष्य के लिए परस्पर संपर्क बढ़ाने की इच्छा को दर्शाता है। अफ्रीकी देशों के साथ संबंधों को नया आयाम देने के लिए आगामी 26 से 30 अक्टूबर तक यहां होने वाले इस सम्मेलन में अफ्रीकी महाद्वीप के सभी 54 देश भाग लेंगे। सम्मेलन से पहले मोदी ने आज ट्वीट कर कहा है कि भारत इस आयोजन से अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहा है। यह बेहतर भविष्य के लिए हर स्तर पर संपर्क बढ़ाने की दोनों पक्षों की इच्छा का प्रतीक है। उन्होंने कहा है कि अफ्रीका के साथ भारत के संबंध ऐतिहासिक हैं। भारत अफ्रीकी देशों में प्रमुख निवेशक है और दोनों के बीच व्यापार हाल के वर्षों में काफी बढ़ा है। उन्होंंने कहा कि अफ्रीकी देशों के साथ मैत्री तथा व्यापार को और बढ़ाने के लिए समेलन से पहले कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस सम्मेलन के माध्यम से सभी अफ्रीकी देशों के साथ व्यापक स्तर पर संपर्क स्थापित होगा। इसमें अफ्रीकी देशों के कई बड़े नेता भाग लेंगे। यह सम्मेलन देश में अब तक का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय बहुपक्षीय आयोजन होगा, जिसमें अफ्रीकी महाद्वीप के सभी देश एक साथ एक मंच पर एकत्रित होंगे। इन देशों के राष्ट्राध्यक्षों, शासनाध्यक्षों अथवा मंत्रियों के अलावा 400 से अधिक व्यापारिक प्रतिनिधियों ने सम्मेलन में आने की पुष्टि की है। इससे पहले चीन, जापान और अमेरिका ने अफ्रीकी देशों के सम्मेलन आयोजित किए हैं। चीन में 2006 में हुए समेलन में 48 देशों, जापान में 2013 में हुए सम्मेलन में 49 देशों और अमेरिका में 2014 में हुए 50 देशों ने शिरकत की थी। भारत में सभी 54 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस समेलन में पहली बार समुद्री अर्थव्यवस्था (ब्लू इकॉनोमी) और समुद्री सुरक्षा पर बात होगी। कृषि के क्षेत्र में कई विषयों के साथ- साथ ऊर्जा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढाँचा, प्रौद्योगिकी और नवान्वेषण पर सहयोग बढ़ाने के बारे में भी सम्मेलन में विचार- विमर्श किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button