अन्तर्राष्ट्रीय

रूस की बड़ी घोषणा, यूक्रेन के दो क्षेत्रों को अलग देश की मान्यता; UNSC में भारत ने कही ये बात

नई दिल्ली: रूस और यूक्रेन (Russia-Ukraine Conflict) के बीच तनाव खत्म नहीं हुआ है। साथ ही हद से ज्यादा तनाव बढ़ा हुआ है। इन सब के बीच राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने राष्ट्र को संबोधित किया है। पुतिन ने जो ऐलान किया है उससे दोनों देशों के बीच तनाव अब खत्म होने की उम्मीद बहुत कम है। राष्ट्रपति पुतिन ने ऐलान किया है कि रूस, पूर्वी यूक्रेन के दो अलग-अलग क्षेत्रों की स्वतंत्रता को मान्यता देगा।

ज्ञात हो कि रूस ने स्वघोषित गणराज्य डोनेत्स्क (Donetsk) और लुगंस्क (Lugansk) को अलग देश के रूप में मान्यता देने की घोषणा कर दी है। पूरे मामले पर यूएनएससी में बैठक जारी है। जहां भारत ने भी अपना रुख साफ किया है। यूक्रेन पर यूएनएससी की बैठक में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टी.एस. तिरुमूर्ति ने कहा कि रूस के साथ यूक्रेन की सीमा पर बढ़ता तनाव गहरी चिंता का विषय है। इन घटनाक्रमों में क्षेत्र की शांति और सुरक्षा को कमजोर करने की क्षमता है।

टी.एस.तिरुमूर्ति ने कहा कि हम सभी पक्षों से संयम बरतने का आह्वान करते हैं। हमें विश्वास है कि इस मुद्दे को केवल राजनयिक बातचीत के माध्यम से हल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा आवश्यक है। 20,000 से अधिक भारतीय छात्र और नागरिक यूक्रेन के विभिन्न हिस्सों और सीमावर्ती क्षेत्रों में रहते और पढ़ते हैं। भारतीयों की सलामती हमारी प्राथमिकता है।

Related Articles

Back to top button