व्यापार

IMF ने भारत के जीडीपी ग्रोथ अनुमान को घटा दिया

नई दिल्ली: केंद्रीय रिजर्व बैंक और वर्ल्ड बैंक के बाद अब अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने भी भारत के जीडीपी ग्रोथ अनुमान को घटा दिया है। चालू वित्त वर्ष 2022-23 (FY23) के लिए IMF ने जीडीपी ग्रोथ अनुमान को घटाकर 8.2 फीसदी कर दिया है।

IMF ने जनवरी में ग्रोथ पर 9 फीसदी का अनुमान लगाया था। ये वो वक्त था जब यूक्रेन और रूस के बीच जंग नहीं छिड़ी थी। अब जंग को करीब दो माह होने वाले हैं, इस दौरान अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने नया अनुमान जारी कर बड़ा झटका दिया है।

यूक्रेन-रूस जंग का असर: अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने भी रूस और यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग का जिक्र किया है। IMF के मुताबिक यूक्रेन संकट के कारण तेल की ऊंची कीमतों ने इकोनॉमी को प्रभावित किया है। इस वजह से घरेलू खपत और निजी निवेश पर भी असर पड़ने की आशंका है। इसके साथ ही IMF ने मुद्रास्फीति को नियंत्रण में रखने के लिए भारत समेत दुनियाभर के केंद्रीय बैंकों द्वारा मौद्रिक सख्ती की सिफारिश की है।

दुनिया के देशों में सबसे आगे: IMF का अनुमान है कि भारत की जीडीपी ग्रोथ सबसे ज्यादा होगी। भारत इस मामले में अमेरिका, जर्मनी, फ्रांस, इटली, स्पेन, जापान, ब्रिटेन, कनाडा, चीन जैसे देशों को पछाड़ देगा। वहीं, रूस का जीडीपी ग्रोथ अनुमान निगेटिव में रखा गया है।

बता दें कि वर्ल्ड बैंक ने भी चालू वित्त वर्ष के लिए जीडीपी ग्रोथ अनुमान को 8.7 फीसदी से घटाकर 8 फीसदी कर दिया है। वहीं, केंद्रीय रिजर्व बैंक का अनुमान है कि देश की इकोनॉमी 7.2 फीसदी की दर से आगे बढ़ेगी। इससे पहले 7.8 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया गया था।

Related Articles

Back to top button