मोदी सरकार के बजट से तालिबान हुआ खुश, कहा- दोनों देशों में संबंध सुधरना तय

नई दिल्ली : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को देश के सामने वित्त बजट पेश किया। इसमें उन्होंने मध्यमवर्ग के लोगों को कई राहत दी। इस बजट की भारत में ही नहीं देश से बाहर भी तारीफ हो रही है। तालिबान ने भारत के केंद्रीय बजट 2023-2024 का गुरुवार को स्वागत किया है। कहा है कि अफगानिस्तान के लिए भारत की सहायता की घोषणा से दोनों देशों के बीच संबंधों और विश्वास को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। यह जानकारी खामा प्रेस ने दी है।
तालिबान की यह टिप्पणी वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के केंद्रीय बजट में अफगानिस्तान के लिए 2.5 करोड़ डॉलर के विकास सहायता पैकेज के प्रस्ताव के बाद आई। भारत ने अफगानिस्तान को सहायता के लिए 200 करोड़ रुपए देने का वादा किया है। अफगानिस्तान पर तालिबान के नियंत्रण हासिल करने के बाद भारत से समर्थन मिलने का यह दूसरा वर्ष है। खामा प्रेस के मुताबिक, शुरुआती घोषणा पिछले साल बजट में की गई थी।
भारत के बजट का स्वागत करते हुए तालिबान की संधिवार्ता समूह के पूर्व सदस्य सुहैल शाहीन ने कहा कि हम अफगानिस्तान के विकास के लिए भारत के समर्थन की सराहना करते हैं। यह दोनों देशों के बीच संबंधों और विश्वास को बेहतर बनाने में मदद करेगा।
खामा प्रेस ने शाहीन के हवाले से कहा कि अफगानिस्तान में ऐसी कई परियोजनाएं, जो भारत से वित्त पोषित थी। अगर भारत इन परियोजनाओं पर फिर काम शुरू करता है तो इससे दोनों देशों के बीच संबंधों को बढ़ावा मिलेगा और अविश्वास का माहौल खत्म होगा।



