अन्तर्राष्ट्रीय

अमेरिका समेत पांच देश प्राकृतिक आपदाओं की चपेट में, स्पेन के जंगल में लगी आग

वाशिंगटन : दुनियाभर में जलवायु परिवर्तन के चलते मौसमी तेवरों ने कहर बरपाया है। इसके चलते अमेरिका (America), चीन, दक्षिण कोरिया, जापान, स्पेन में प्राकृतिक आपदाएं बढ़ी हैं। दक्षिण कोरिया में भारी बारिश से बाढ़-भूस्खलन से 3 दिन में 40 मौतें गई हैं। अमेरिका के अलास्का में भूंकप के झटके आए, जबकि कैलिफोर्निया (California) में तापमान 54 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। आंधी-तूफान के कारण पूरे अमेरिका में 2,600 उड़ानें रद्द की गई हैं।

इसके अलावा स्पेन के जंगलों में आग लग गई है। उधर चीन में चक्रवाती तूफान की आशंका के चलते अलर्ट जारी किया गया है। चीन के कुछ प्रांतों में तापमान सोमवार को 50 डिग्री पार जा चुका है। मौसम वैज्ञानिक इन परिवर्तनों को लेकर खासे चिंतित हैं।

स्पेन के कैनरी द्वीप में जंगल की आग के कारण 4,000 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। यह आग पहले से ही लगभग 9,800 एकड़ क्षेत्र में फैल चुकी है। अब तक आग से 12 घर तबाह हो गए हैं। चीन की चक्रवाती तूफान ‘तालीम’ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया। इस साल के चौथे चक्रवाती तूफान से देश के दक्षिणी तटीय क्षेत्रों में तूफान और मूसलाधार बारिश होने के आसार हैं।

जापान में रिकॉर्ड स्तर पर तापमान वृद्धि के बाद देश के 47 प्रांतों में से 20 में लू का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश के चलते भूस्खलन हुआ है। जबकि टोक्यो सहित कुछ स्थानों पर तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है।

अमेरिकी जलवायु दूत जॉन केरी सोमवार को बीजिंग में चीन के जलवायु राजदूत शी शेन्हुआ के साथ वार्ता कर रहे हैं। दरअसल, अमेरिका चाहता है कि व्यापार, ताइवान, मानवाधिकार और क्षेत्रीय दावों पर विवादों के बीच संपर्क बहाल रहे। केरी लगभग एक साल बाद दुनिया के दो सबसे खराब जलवायु प्रदूषकों के प्रतिनिधियों के बीच पहली व्यापक आमने-सामने बैठक कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button