उत्तर प्रदेशराजनीति

गुरू व दादा गुरू ने किया था राम आंदोलन का नेतृत्व, सीएम योगी ने मुकाम तक पहुंचाया

देहरादून(गौरव ममगाईं)। आज अयोध्या में राम लला विराज रहे हैं तो पूरा देश भक्ति व आस्था के रंग में सराबौर है। वैसे तो सदियों से चले आ रहे राम आंदोलन में साधु-संतों का भी विशेष योगदान रहा है, इनमें कैसे भूल सकते हैं गोरखपीठ के संतों का योगदान, जिन्होंने सबसे मुश्किल समय में आंदोलन का नेतृत्व किया था। पूज्य दादा गुरू व गुरू ने आंदोलन का नेतृत्व किया तो शिष्य सीएम योगी को इस मुहिम को अंजाम तक पहुंचाने का गौरव प्राप्त हो रहा है।

 गोरखपीठ के महंत व यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक इंटरव्यू में राम आंदोलन में अपने पूज्य दादा गुरू दिग्ग्विजय नाथ जी महाराज व गुरू अवैद्यनाथ जी महाराज के योगदान को याद किया। सीएम योगी ने बताया कि जब वर्ष 1949 में राम लला का अयोध्या में प्रकटीकरण हुआ, तब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी। कांग्रेस नहीं चाहती थी कि राम आंदोलन जैसी गतिविधि शुरू हो, इसके लिए सरकार बड़ी कार्रवाई के लिए भी तैयार थी। उस मुश्किल समय में उनके दादा गुरू महंत दिग्विजय नाथ जी महाराज ने राम आंदोलन का नेतृत्व किया था। तब राम आंदोलन से गोरखपीठ भी जुड़ गया था।

 इसके बाद 1983 में आंदोलन ने जोर पकड़ा। तब केंद्र व यूपी में कांग्रेस की सरकारें थी। कांग्रेस ने आंदोलन को कुचलने के लिए कई हथकंडे अपनाये थे। उस समय भी गोरखपीठ के महंत व उनके गुरू अवैद्यनाथ जी महाराज ने आंदोलन का नेतृत्व किया था। तब आंदोलन में आरएसएस व विश्व हिंदू परिषद ने भी निर्णायक भूमिका निभाई थी, जिसके कारण आंदोलन को देशव्यापी समर्थन मिला।

सीएम योगी ने कहा कि वह भी छोटी उम्र में ही राम आंदोलन से भावनात्मक रूप से जुड़ गये थे, जब उन्हें मौका मिला तो इसमें शामिल भी हुए। वह जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने तो वर्ष 2017 में पहली दीपावली में ही उन्होंने अयोध्या में भव्य दीपोत्सव मनाने की परंपरा शुरू की थी। आपको जानकर आश्चर्य होगा कि जिस अयोध्या से दीपावली पर्व का प्रारंभ हुआ, वहीं दीपावली में वो उल्लास व उमंग नजर नहीं आता था। दीपोत्सव का उद्देश्य अयोध्या में वो वैभव एवं ऐश्वर्य को पुनः स्थापित करना था। आज यह परंपरा हर साल ऐतिहासिक रूप में मनाई जा रही है।

यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि जिस राम आंदोलन को उनके पूज्य दादा गुरू व गुरू जी ने नेतृत्व दिया था, आज उसी आंदोलन को सफल होते हुए देख रहे हैं। गर्व की बात ये भी है कि इस पुण्य कार्य को करने का उन्हें भी सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। सीएम योगी ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में राम लला की प्राण-प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन हो रहा है। आज दुनिया आदर्श के प्रतीक राम जन्मभूमि अय़ोध्या की लौकिकता एवं दिव्यता के दर्शन कर रही है। यह हर हिंदू व भारतवासी के लिए गौरव का क्षण है।

Related Articles

Back to top button