टॉप न्यूज़राज्य

नागपुर में 41 हजार जगहों पर मिले डेंगू के मच्छर, 2000 संदिग्धों के रक्त के नमूने लैब भेजे गए

नागपुर: नागपुर शहर में डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहां तक कि अब अस्पतालों में भी जगह कम पड़ने लगी है। महानगरपालिका की ओर से लंबे समय से सर्वेक्षण कर डेंगू पर नियंत्रण पाने का हरसंभव प्रयास करने का दावा किया जा रहा है किंतु दावे की वास्तविकता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इसके मच्छरों की पैदावार लगातार बढ़ती जा रही है।

महानगरपालिका द्वारा उजागर की गई जानकारी के अनुसार अब तक मनपा के सभी 10 जोन में जुटीं टीमों ने सिटी के कोने-कोने में सर्वेक्षण किया। सटीक आंकड़ों के अनुसार कुल 6,44,046 घरों का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है जिनमें 41,858 स्थानों पर डेंगू के मच्छरों की पैदावार होती पाई गई है। हालांकि लार्वा मिलने के बाद इन स्थानों पर मच्छरों की रोकथाम के लिए दवा का छिड़काव तो किया गया किंतु रोकथाम के प्रयास कितने असरदार रहे, इसका अंदाजा जल्द ही होने की जानकारी सूत्रों ने दी।

शहर में भयावह स्थिति
मनपा की टीमों द्वारा सिटी में बुखार के मरीजों का सर्वेक्षण किया गया। साथ ही जहां-जहां डेंगू का लार्वा होने की संभावना थी, ऐसे स्थानों का भी सर्वेक्षण किया गया है। इसमें सिटी में बुखार के मरीजों को लेकर भयावह स्थिति होने की जानकारी सूत्रों ने दी। कमोबेश हर चौथे घर में बुखार का मरीज होने का अनुमान लगाया जा सकता है। यही कारण है कि मनपा के प्रयास कम पड़ने के कारण अब लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

मनपा आयुक्त ने सप्ताह में एक दिन घर के सभी बर्तनों से पानी निकालकर फेंकने तथा सूखा दिन मनाने की अपील की है। मनपा आयुक्त के अनुसार मनपा का स्वास्थ्य विभाग अपने स्तर पर कार्य कर रहा है किंतु घरों या परिसरों में डेंगू के मच्छरों की पैदावार न हो इसके लिए लोगों को स्वच्छता की विशेष चिंता करनी होगी।

यह भी पढ़ें:- सिंधुदुर्ग में ढही छत्रपति शिवाजी की 35 फुट ऊंची प्रतिमा ढही, 1 साल पहले पीएम मोदी ने किया था अनावरण

मनपा के आंकड़ों पर सवाल
महानगरपालिका की ओर से ही उजागर की गई जानकारी के अनुसार 41,000 से अधिक स्थानों पर डेंगू के मच्छरों का लार्वा पाया गया है। ऐसे में डेंगू की चपेट में आने वालों की तादाद का अंदाजा लगाया जा सकता है।

मनपा का दावा है कि डेंगू के संभावित मरीजों की जांच की जाती है जिनका ब्लड सैम्पल लेकर लैब में परीक्षण के लिए भेजा जाता है। अब तक 2,000 के करीब संदिग्धों के रक्त के नमूने परिक्षण के लिए लैब में भेजे गए। लैब की रिपोर्ट के अनुसार डेंगू से ग्रस्तों का आंकड़ा 400 भी पार नहीं कर पाया है।

इस तरह मिला डेंगू का लार्वा
स्थान संख्या
कूलर 1,677
टायर 3,538
कुंडिया 16,993
ड्रम 8,179
मटके 3,178
बर्तन 2,703
अन्य 5,590

Related Articles

Back to top button