दिल्लीराज्य

दिल्ली-NCR में ठंड के साथ उमस, इन राज्यों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी

नई दिल्ली. देशभर में सर्दी धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। दक्षिण पश्चिम मानसून अलविदा कह चुका है और उत्तर पूर्वी मानसून सक्रिय हो गया है। इस समय मौसम में मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। जहां दक्षिण भारत के राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं। वहीं उत्तर भारत में ठंड बढ़ने लगी है। सुबह-शाम की ठंडी हवा महसूस होने लगी है।

दिल्ली में स्मॉग की समस्या बढ़ने से ठंड के साथ-साथ उमस भी लोगों को परेशान कर रही है। राजधानी में सुबह-शाम ठंड है, लेकिन दिन में धूप निकलने पर तापमान में वृद्धि हो जाती है। मौसम विभाग ने आज 7 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही उत्तर भारत में इस हफ्ते दिन के तापमान में गिरावट की संभावना जताई गई है।

चक्रवाती तूफान और बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, अंडमान सागर में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हो गया है। इससे पहले बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया बना था, जो अब उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए 23 अक्टूबर के आसपास चक्रवाती परिसंचरण में बदल जाएगा। इससे अंडमान निकोबार और आस-पास के क्षेत्रों में आज और कल बारिश होगी, साथ ही 35 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं चलेंगी।

22 से 24 अक्टूबर तक ओडिशा में भी 35 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इस बीच 20 से 26 अक्टूबर के बीच अंडमान निकोबार द्वीप समूह, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में मछुआरों और पर्यटकों को समुद्र के किनारे न जाने की सलाह दी गई है, साथ ही इन राज्यों की यात्रा से भी बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि खराब मौसम के कारण परेशानी हो सकती है।

दिल्ली में टूटा उमस का 7 साल का रिकॉर्ड
दिल्ली में इस साल अक्टूबर के तीसरे हफ्ते में उमस का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 19 अक्टूबर को शनिवार का दिन पिछले 7 वर्षों में सबसे गर्म रहा। उस दिन अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक था। मौसम विभाग ने आगे भी दिल्ली में इसी तरह के मौसम रहने की संभावना जताई है।

आज 20 अक्टूबर (रविवार) को अधिकतम तापमान 32.06 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में न्यूनतम तापमान 23.05 डिग्री और अधिकतम तापमान 34.88 डिग्री रहने की संभावना है। दिल्ली में हवा में नमी का स्तर 32% है और हवा की गति 32 किलोमीटर प्रति घंटा है।

मौसम विभाग के अनुसार, 25 अक्टूबर तक दिल्ली का आसमान साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री रह सकता है। आज दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 240 दर्ज किया गया, जो हवा की खराब गुणवत्ता को दर्शाता है।

Related Articles

Back to top button