टॉप न्यूज़राष्ट्रीय

चंद्रयान-4 मिशन: 2040 तक चंद्रमा पर भारतीय की होगी स्वदेशी लैंडिंग, ISRO ने किया डाकिंग प्रयोग सफल

मुजफ्फरपुर: इसरो (ISRO) के वरिष्ठ वैज्ञानिक और चंद्रयान-2 तथा चंद्रयान-3 के ऑपरेशन डायरेक्टर अमिताभ कुमार ने कहा कि भारत सरकार का लक्ष्य है कि 2040 तक एक भारतीय नागरिक को स्वदेशी अंतरिक्ष यान के माध्यम से चंद्रमा की सतह पर उतारा जाए। इस महत्वाकांक्षी मिशन को चंद्रयान-4 नाम दिया गया है, जिसे “सैंपल रिटर्निंग मिशन” भी कहा जा रहा है।

चंद्रयान-4 का लक्ष्य
चंद्रयान-4 मिशन के तहत चंद्रमा की सतह से मिट्टी के नमूने एकत्र कर उन्हें धरती पर लाया जाएगा। यह प्रक्रिया भविष्य में मनुष्य को चंद्रमा पर भेजने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अभी तक इसरो चंद्रमा की सतह पर सफल लैंडिंग कर चुका है, लेकिन वहां से वापसी का प्रयोग अब किया जाना बाकी है। इसरो ने हाल ही में डाकिंग और अनडाकिंग की तकनीक पर कार्य किया है। यह प्रयोग पृथ्वी की कक्षा में सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। अगले चरण में इसे चंद्रमा की कक्षा में भी परीक्षित किया जाएगा। यह इस साल इसरो की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

1200 करोड़ रुपये का बजट
चंद्रयान-4 मिशन पर कार्य जारी है, और इसे 2027-28 तक पूरा करने की योजना है। इस मिशन के लिए लगभग 1200 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। अमिताभ कुमार ने बताया कि चंद्रयान मिशन सिर्फ भारत के लिए गर्व का विषय नहीं है, बल्कि इससे वैज्ञानिक दृष्टिकोण से कई नई जानकारियाँ प्राप्त हुई हैं। चंद्रमा की सतह पर सिर्फ 10-15 सेंटीमीटर नीचे जाते ही तापमान में तेज गिरावट होती है, जिससे यह संकेत मिलता है कि सतह के नीचे बर्फ या तापमान को नियंत्रित करने वाली कोई वस्तु मौजूद है।

भारत, चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के सबसे निकट पहुंचने वाला पहला देश बना है। वहां से प्राप्त जानकारी विश्व में अद्वितीय है। वैज्ञानिकों का मानना है कि संभवतः कभी चंद्रमा पर भी जीवन रहा होगा। अब यह शोध का विषय है कि वहां जीवन कैसे समाप्त हुआ और क्या पृथ्वी पर भी भविष्य में वैसी ही कोई घटना घट सकती है।

Related Articles

Back to top button