
रांची: रांची जिले की मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों को सम्मान राशि का भुगतान कर दिया गया है। इस योजना के तहत पहले चरण में रांची की तीन लाख महिलाओं के खातों में 2500 प्रति खाते के हिसाब से कुल 81.26 करोड़ रुपए भेजे गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, यह राशि महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना के तहत मई महीने के लिए आवंटित की गई है। रांची जिले में मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों का भौतिक सत्यापन चल रहा है। सत्यापन का काम पूरा होते ही बाकी की लाभुकों को भी पैसे भेज दिए जाएंगे। ऐसे में जिन लाभार्थियों का भौतिक सत्यापन अभी बाकी है, वो अपनी आंगनबाड़ी सेविका से संपर्क कर खुद का सत्यापन करवा सकती हैं और इसके बाद उनके खातों में मई महीने का पैसा आ जाएगा।
आधार सीडिंग का काम जारी है
मंईयां सम्मान योजना का लाभ केवल उन महिलाओं को मिल रहा है, जिनकी आधार सीडिंग हो गई है। बिना आधार सीडिंग वाली महिलाओं का रजिस्ट्रेशन हो जाने के बावजूद पैसा नहीं मिल रहा है, क्योंकि सरकार ने आधार सीडिंग को जरूरी कर दिया है। बिना आधार कार्ड सीडिंग के कई महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में रांची के कलेक्टर मंजूनाथ भजंत्री ने महिलाओं से आधार सीडिंग करवाने के लिए कहा और बताया कि ऐसा करने लेने के बाद उनके खातों में पैसे आने लगेंगे।
बता दें कि साल 2024 में हुए विधानसभा चुनावों में झारखंड मुक्ति मोर्चा की तरफ से हेमंत सोरेन ने वादा किया था कि प्रदेश में उनकी सरकार रिपीट होने पर महिलाओं के खातों में हर महीने 2500 रुपए भेजे जाएंगे। रिजल्ट आया तो जेएमएम की जीत दर्ज हुई। इसके बाद 18-60 साल की महिलाओं के लिए मंईयां सम्मान योजना की राशि मिलनी शुरू हो गई है। अभी मई महीने की राशि महिलाओं के खातों में भेजी जा रही है। हालांकि, सभी जिलों में अभी तक मई महीने की मंईयां सम्मान राशि नहीं पहुंच पाई है।