राष्ट्रीय

strong western disturbance: 4 नवंबर से मौसम का डबल अटैक! उत्तर से बर्फ़ीली हवाएं, दक्षिण से बारिश का कहर – IMD का पावरफुल अलर्ट

नई दिल्ली: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के मौसम को लेकर एक महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है। एक तरफ 4 नवंबर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में एक शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, तो दूसरी तरफ पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी और म्यांमार तट पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र देश के कई हिस्सों में मौसम को प्रभावित करेगा। इन दोनों प्रणालियों के संयुक्त असर से आगामी दिनों में कई राज्यों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की आशंका है।

उत्तर और पश्चिम भारत में बारिश की चेतावनी
पहाड़ी राज्य: 4 नवंबर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में तेज हवाओं और बिजली कड़कने के साथ बारिश की संभावना है। वहीं, हिमाचल प्रदेश (4 और 5 नवंबर) और उत्तराखंड (4 नवंबर) में भी गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान है।

मैदानी इलाके: राजस्थान में 3 और 4 नवंबर को गरज के साथ बारिश हो सकती है।

महाराष्ट्र में येलो अलर्ट और दक्षिणी राज्यों में हल्की वर्षा

IMD ने महाराष्ट्र के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जहां अगले चार दिनों तक गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
महाराष्ट्र: कोंकण, मराठवाड़ा और विदर्भ क्षेत्रों में बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कोंकण क्षेत्र में 5 नवंबर को भारी बारिश की संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि अरब सागर पर बने निम्न दबाव का क्षेत्र अभी भी नमी ला रहा है, जिससे यह बारिश हो रही है। मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में भी बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी संभव है।

दक्षिण भारत: 4 से 6 नवंबर के बीच तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। इसके अलावा, तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भी 5 से 7 नवंबर के दौरान मौसम इसी तरह का बना रहेगा।

पिछले 24 घंटों में: सौराष्ट्र-कच्छ, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, असम और मेघालय में कई स्थानों पर अच्छी खासी बारिश दर्ज की गई है।

अब तापमान गिरेगा: उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड
बारिश के इस दौर के बाद, देश के एक बड़े हिस्से में तेजी से ठंड बढ़ने वाली है। उत्तर-पश्चिम, पश्चिम और मध्य भारत के कई राज्यों-जिसमें जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और छत्तीसगढ़ शामिल हैं-में इस सप्ताह से शीतलहर का असर महसूस होना शुरू हो जाएगा। IMD के अनुसार, 4 नवंबर के बाद न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की उल्लेखनीय गिरावट आ सकती है। महाराष्ट्र में भी मंगलवार से पारा 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है, जबकि विदर्भ क्षेत्र में तापमान में 5 डिग्री तक की बड़ी गिरावट के आसार हैं।

Related Articles

Back to top button