राष्ट्रीय

उत्तर भारत में दस्तक दे रही सर्दी! IMD का अलर्ट, इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी

नई दिल्ली: उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तराखंड में ठंडी हवाओं ने लोगों को सर्दी की शुरुआती दस्तक का एहसास करा दिया है। वहीं, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश का सिलसिला जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले कुछ दिनों के लिए उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है।

3 से 5 डिग्री तक गिरेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 3–5°C की गिरावट दर्ज की जा सकती है। जबकि मध्य भारत में यह गिरावट 2–4°C तक रहेगी। IMD ने कहा कि यह ठंड का शुरुआती दौर है और इसके बाद नवंबर के दूसरे सप्ताह से रातों में ठिठुरन बढ़ेगी। फिलहाल दिन में धूप रहेगी, लेकिन सुबह-शाम ठंडी हवाएं चलेंगी।

पहाड़ी राज्यों में बारिश-बर्फबारी का सिलसिला जारी
मौसम विभाग के मुताबिक, 7 नवंबर तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इस दौरान 40–50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। उत्तराखंड के चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों में बुधवार शाम से ही मौसम बदला हुआ है। बदरीनाथ, केदारनाथ और औली की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी शुरू हो गई है। निचले इलाकों में हल्की बारिश और शीतल हवाओं ने ठंडक बढ़ा दी है। बदरीनाथ में लगातार दूसरे दिन हल्की हिमपात और बूंदाबांदी हुई।

दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भी भारी बारिश का अनुमान
IMD ने अपनी ताजा रिपोर्ट में बताया कि, तमिलनाडु और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 1 नवंबर से लेकर अगले 48 घंटे तक भारी बारिश और तेज़ हवाओं की संभावना है। वहीं, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिज़ोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, महाराष्ट्र और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में बारिश के साथ गरज, बिजली और तेज़ हवाओं की चेतावनी दी गई है।

राजस्थान में भी बढ़ेगी ठंड, सुबह कोहरा छाएगा
राजस्थान में मौसम ने करवट ली है। कई जिलों में हल्की बारिश और 4 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ठंडी हवाओं ने तापमान गिरा दिया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले सप्ताह तक न्यूनतम तापमान में 3–5°C तक गिरावट होगी। श्रीगंगानगर, बीकानेर, हनुमानगढ़, नागौर और चूरू में सबसे तेज़ गिरावट दर्ज की जा सकती है। आने वाले दिनों में सुबह कोहरा और रात में ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में चल रहीं ठंडी हवाएं
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में भी सर्दी ने दस्तक दे दी है। बुधवार शाम से दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में ठंडी पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। बीते 24 घंटों में हवा की औसत रफ्तार 15 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 30.4°C (मौसमी औसत से 1.6°C अधिक) और न्यूनतम तापमान 18.4°C रहा। बृहस्पतिवार को आसमान साफ़ रहेगा, और तापमान अधिकतम 32°C तथा न्यूनतम 18°C के आसपास रहने की संभावना है।

आगे क्या?
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर भारत में नवंबर का पहला हफ्ता ठंड की शुरुआत का संकेत देगा। मध्य और दक्षिण भारत में फिलहाल बारिश का दौर रहेगा, जबकि उत्तरी राज्यों में तापमान तेजी से नीचे आएगा। अगर यही ट्रेंड रहा तो इस बार सर्दी का मौसम सामान्य से लंबा और ठंडा रहने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button